Sitapur : शराब ठेके के बाहर गंदगी से किसान परेशान, खेतों में फैल रहा प्लास्टिक कचरा फसलों को पहुंचा रहा नुकसान
ग्रामीणों का कहना है कि शराब ठेके के पास नियमित रूप से सफाई नहीं की जाती है। दुकान के बाहर खाली प्लास्टिक के गिलास और बोतलें खुले में फेंक दी जाती हैं, जो तेज हवा चलने पर उड़कर पास के गन्ने और दूसरी फसलों के खेतों में चली जाती हैं।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मछरेहटा-खैराबाद मुख्य मार्ग के पास स्थित गुरपालिया गांव में खुले देशी शराब ठेके के बाहर फैली गंदगी स्थानीय लोगों और किसानों के लिए बड़ी आफत बन गई है। ठेके के आसपास पड़े रहने वाले खाली पव्वे, प्लास्टिक के गिलास और अन्य कूड़ा-कचरा उड़कर पास के खेतों में जमा हो रहा है, जिससे किसानों को खेती में काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब ठेके के पास नियमित रूप से सफाई नहीं की जाती है। दुकान के बाहर खाली प्लास्टिक के गिलास और बोतलें खुले में फेंक दी जाती हैं, जो तेज हवा चलने पर उड़कर पास के गन्ने और दूसरी फसलों के खेतों में चली जाती हैं। स्थानीय किसान राजू, शरीफ, हसमत, महेश कुमार और जब्बार ने बताया कि खेतों में प्लास्टिक का कचरा जमा होने से ट्रैक्टर से जुताई और बुवाई करने में काफी दिक्कत आती है। इसके साथ ही जमीन की उपजाऊ क्षमता पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि यह लापरवाही सरकार के स्वच्छता अभियान के दावों के बिल्कुल उलट है। इस समस्या को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। इस वजह से ठेका चलाने वाले बेखौफ होकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार आबकारी इंस्पेक्टर के आदेशों का जमीन पर कोई असर नहीं दिख रहा है और ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहा है, जिससे किसानों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर आबकारी इंस्पेक्टर गिरिजेश कुमार ने बताया कि नियमों के अनुसार सभी शराब दुकानों पर डस्टबिन रखवाने की व्यवस्था अनिवार्य करने की कोशिश की जा रही है ताकि लोग खाली बोतलें और गिलास कूड़ेदान में ही डालें। उन्होंने ठेका संचालक को जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी है।
Also Click : Sambhal : सम्भल में जमानत पर छूटे युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत, परिजनों ने लगाया अपहरण और हत्या का आरोप
What's Your Reaction?




