सीतापुर में मनोज शुक्ला हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा: सुपारी देने वाली नर्स समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

सीतापुर की महमूदाबाद पुलिस और एसओजी ने मनोज शुक्ला हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक नर्स सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से नकदी और डंडे बरामद हुए।

By INA News Desk
Jul 8, 2026 - 22:00
27 Views
सीतापुर में मनोज शुक्ला हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा: सुपारी देने वाली नर्स समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
मनोज शुक्ला हत्याकांड का खुलासा करने वाली महमूदाबाद कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम की गिरफ्त में खड़े तीनों आरोपी

Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर

सीतापुर जिले की महमूदाबाद कोतवाली पुलिस और स्वाट (एसओजी) की संयुक्त टीम ने मनोज शुक्ला हत्याकांड की गुत्थी को महज 72 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में हत्या की पूरी साजिश रचने के आरोप में एक निजी अस्पताल की नर्स सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे, साढ़े बारह हजार रुपये की नकदी, एक मोटरसाइकिल, हत्या के पैसों से खरीदा गया नया मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान जय देवी उर्फ जया और विनोद कुमार वर्मा निवासी ग्राम सांड़भारी व विहूरा, थाना मोहम्मदपुर खाला (बाराबंकी) तथा राजू निवासी खड़ेहरा के रूप में हुई है।

इस सनसनीखेज वारदात की पृष्ठभूमि के अनुसार, बरदही बाजार के पास एक पगडंडी पर मनोज शुक्ला की डंडों से बुरी तरह पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के संबंध में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की छानबीन के दौरान पुलिस और एसओजी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों (सर्विलांस) और मुखबिर से मिली सटीक सूचनाओं के आधार पर सबसे पहले मुख्य साजिशकर्ता जय देवी को हिरासत में लिया। इसके बाद जय देवी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करके वारदात को अंजाम देने वाले दोनों अन्य आरोपियों राजू और विनोद को भी दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि जय देवी फतेहपुर के एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है। मृतक मनोज शुक्ला लगातार उस अस्पताल और जय देवी के खिलाफ विभिन्न स्तरों पर शिकायतें कर रहा था, जिससे वह काफी परेशान थी। मनोज शुक्ला उसे बार-बार नौकरी से हटवाने की धमकी भी दे रहा था। इसी विवाद और नौकरी जाने के डर से परेशान होकर जय देवी ने मनोज शुक्ला को रास्ते से हटाने का मन बना लिया। उसने इसके लिए राजू और विनोद को 50 हजार रुपये में हत्या की सुपारी दे दी। योजना के मुताबिक, राजू और विनोद ने बरदही बाजार के पास मौका पाकर मनोज शुक्ला पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने जय देवी से एडवांस के तौर पर 30 हजार रुपये ले लिए थे और बाकी बची रकम बाद में दी जानी थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Also Click : हरदोई में मंदिर से घंटे चुराने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने पीतल के घंटे और बाइक की बरामद

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow