सीतापुर पुलिस का बड़ा एक्शन: विभिन्न थानों से 15 वांछित और वारंटी गिरफ्तार, चोरी के जेवर और नकदी बरामद
सीतापुर में पुलिस ने अभियान चलाकर 15 वांछित और वारंटियों को पकड़ा। हरगांव, कमलापुर और नैमिषारण्य समेत कई थानों से हुई गिरफ्तारियां।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर जिले में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीमों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 15 वांछित और वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। इनमें चोरी और अन्य गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं।
हरगांव थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में लंबे समय से तलाश किए जा रहे आरोपी साहिबे आलम उर्फ अजय और सुफियान उर्फ चांदी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से चोरी के चांदी के बिछुए, पायल और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन दोनों आरोपियों पर सीतापुर और लखीमपुर खीरी जिले के अलग-अलग थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त हरगांव पुलिस ने चार वारंटियों को भी पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेजा।
कार्रवाई की कड़ी में कोतवाली नगर पुलिस ने एक वारंटी को पकड़ा, जबकि कोतवाली देहात पुलिस ने गंभीर मामले के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं कमलापुर पुलिस ने एक वारंटी, नैमिषारण्य पुलिस ने एक वारंटी व गंभीर मामले के एक आरोपी, मछरेहटा पुलिस ने एक वारंटी और इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने तीन वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की धरपकड़ का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
What's Your Reaction?




