सीतापुर के रेउसा में सामूहिक विवाह समारोह: 150 जोड़ों ने थामा हाथ, मिले उपहार व आर्थिक मदद

सीतापुर के रेउसा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 150 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। 140 हिंदू और 10 मुस्लिम जोड़ों को उपहार व आर्थिक सहायता दी गई।

By INA News Desk
Sep 24, 2026 - 22:22
2 Views
सीतापुर के रेउसा में सामूहिक विवाह समारोह: 150 जोड़ों ने थामा हाथ, मिले उपहार व आर्थिक मदद

Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर

सीतापुर जनपद के विकास खंड रेउसा स्थित खेल मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक भव्य वैवाहिक समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों से आए 150 वर-वधुओं ने एक-दूसरे का हाथ थामकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की। वैदिक मंत्रोच्चार और इस्लामी रीति-रिवाजों के बीच पूरे सौहार्दपूर्ण वातावरण में 140 हिंदू जोड़ों का विवाह और 10 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि समारोह में रेउसा ब्लॉक से 54, रामपुर मथुरा से 33, सकरन से 21, लहरपुर से 21, बेहटा से 20 और बिसवां से एक जोड़े का चयन कर उनका विवाह कराया गया। शासन की इस योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े के लिए कुल एक लाख रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है। इसमें से 64 हजार रुपये की मुख्य धनराशि सीधे वधू के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है, जबकि 21 हजार रुपये के गृहस्थी संबंधी आवश्यक उपहार व सामान भेंट किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त प्रति जोड़े 15 हजार रुपये आयोजन व खान-पान की व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं।

सामूहिक विवाह समारोह में सेवता क्षेत्र के विधायक ज्ञान तिवारी, रेउसा और सकरन के खंड विकास अधिकारी, संबंधित ब्लॉकों के प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष तथा समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सभी नवविवाहितों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल और सुखमय भविष्य की कामना की। गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ पीले कराने के उद्देश्य से संचालित इस जनकल्याणकारी योजना के सफल आयोजन से लाभार्थियों और उनके परिजनों में भारी खुशी देखने को मिली।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow