Hardoi: जनपद में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अनुनय झा ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ककरा खेड़ा प्राथमिक विद्यालय, सनबीम स्कूल तथा स्प्रिंगडेल्स पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक विविधता से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी प्रतिभा एवं उत्साह से स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष रंग भर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के उपरांत जिलाधिकारी ने प्रतिभाग करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने उ0प्र0 मे प्रथम जनपद के रूप मे उत्तराधिकार रजिस्टेªशन पोर्टल की प्रक्रिया पूर्णतया आनलाइन करने मे सहयोग हेतु देवेश कुमार सिंह, मीनाक्षी, आफताब आलम सिद्दकी को सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने स्वच्छता व्यवस्था मे सहयोग एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छाग्रहियों को भी सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद वासियों को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि आने वाले वर्षों में, जो माननीय प्रधानमंत्री जी का नारा है कि भारत को विकसित भारत बनाना है, उसकी तरफ हम लोग सब दृढ़ संकल्पित रहेंगे और हम ऐसा कृत्य करेंगे जिससे हमारे महान राष्ट्र का नाम और ऊँचा हो और हमें गौरव हो कि हम भारतीय नागरिक हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमे यह संकल्प करना चाहिए कि हम अगले एक वर्ष मे कम से कम 80 बेहतर कार्य करे जिससे हमे भारतीय होने पर गर्व की अनुभूति हो सके। उन्होंने उदाहरण देते हुये कहा कि छोटे-छोटे कार्य एवं व्यवहार मे परिवर्तन जैसे स्वछता की आदत को अपनाकर भी हम अपने परिवेश को स्वच्छ रख सकते है। उन्होंने सभी को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से पालन करने हेत प्रेरित भी किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चन्द्र सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन मे किया ध्वजारोहण। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल ने विकास भवन मे ध्वजारोहण किया एवं सभी को शुभकामनाये दी। उन्होंने पुलिस लाइन के सामने स्थापित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।