Hardoi: तिरंगे की छांव में गूंजा देशभक्ति का संदेश, एसडीएम नारायणी भाटिया ने बच्चों संग मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
तहसील परिसर संडीला में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह के माहौल में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। ज्वाइंट
रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी
संडीला (हरदोई)। तहसील परिसर संडीला में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह के माहौल में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी नारायणी भाटिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया। अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। एसडीएम नारायणी भाटिया ने कहा कि आजादी हमें असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली है। इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में तहसीलदार संडीला, सभी नायब तहसीलदार, अधिवक्तागण तथा तहसील के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपने दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी से निभाने का संकल्प लिया।
बच्चों के बीच पहुंचीं एसडीएम, उपहार पाकर खिल उठे चेहरे
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एसडीएम नारायणी भाटिया विकासखंड संडीला के प्राथमिक विद्यालय सराय मारूफपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं। उन्होंने बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं और विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को उपहार वितरित किए। उपहार मिलते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
एसडीएम ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य इन्हीं बच्चों के हाथों में है। अच्छे संस्कार, अनुशासन और शिक्षा के माध्यम से बच्चे आगे बढ़कर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र के शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन बच्चों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच संवाद एवं उत्साह का यादगार अवसर बन गया।
Also Click : Hapur: स्वतंत्रता दिवस पर मेरठ रेंज में अभेद सुरक्षा घेरा, 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
What's Your Reaction?







