Hardoi: स्वाधीनता दिवस के अवसर पर आज विकास भवन परिसर, हरदोई में आयोजित समारोह में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। समारोह में न्यू व्हाइट पब्लिक स्कूल एवं जेके पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश के विकास में अपनी भूमिका के संबंध में विचार व्यक्त किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण, जनसेवा एवं अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पुलिस लाइन के सामने स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इसके पश्चात आकांक्षा समिति की अध्यक्ष के रूप में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने आकांक्षा समिति के सदस्यों के साथ महिलाओं को फल वितरित किए। तत्पश्चात उन्होंने अलीपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों से आत्मीयतापूर्वक वार्ता की तथा उन्हें फल एवं अन्य सामग्री वितरित कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वृद्धाश्रम में प्रबंधक डॉ. विपिन चंद्रवेदी एवं अन्य स्टाफ द्वारा भी सहयोग किया गया। समारोह में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सरोकार एवं जनसेवा की भावना का संदेश प्रमुखता से दिया गया।