Sambhal: केंद्रीय बजट 2026-27 समावेशी विकास का रोडमैप- धर्मवीर प्रजापति
कलक्ट्रेट सभागार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा तथा सम्भल के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में केंद्रीय
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल:: कलक्ट्रेट सभागार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा तथा सम्भल के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में केंद्रीय बजट 2026-27 पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में मंत्री ने बजट की प्रमुख विशेषताओं और जनकल्याणकारी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मंत्री प्रजापति ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह नौवां बजट ऐतिहासिक है। उन्होंने इसे महिला शक्ति की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने, नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ, सबका विकास की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने बताया कि नई कर व्यवस्था में स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है और धारा 47ए के तहत 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई कर देय नहीं होगा, जिससे नौकरीपेशा वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। विदेश यात्रा, शिक्षा और इलाज पर लगने वाला टीसीएस 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किया गया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। कृषि क्षेत्र के लिए ₹1.63 लाख करोड़ का रिकॉर्ड आवंटन किया गया है। किसानों के लिए एआई टूल्स लॉन्च किए जाएंगे, जिससे फसल प्रबंधन, मौसम चेतावनी और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी मिलेगी। चंदन की खेती को बढ़ावा देने, मछुआरा समुदाय के लिए 500 अमृत सरोवरों के एकीकृत विकास, ग्रामीण महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए विशेष मार्ट स्थापित करने की भी घोषणा की गई। बजट में देशभर में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, औद्योगिक केंद्रों के पास 5 यूनिवर्सिटी टाउनशिप, पीएम आवास योजना के तहत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नए घरों के निर्माण, हर जिले में बालिकाओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल तथा 17 कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर सीमा शुल्क समाप्त करने जैसे अहम प्रावधान शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, पूर्व मंत्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव, नगर पालिका अध्यक्ष बहजोई राजेश शंकर राजू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?











