सम्भल में राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति का बड़ा बयान: गोदान फिल्म से गाय के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत का संदेश।
सम्भल जिले के बहजोई पहुंचे नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड्स राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने पत्रकार वार्ता में फिल्म गोदान को लेकर बड़ा
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल जिले के बहजोई पहुंचे नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड्स राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने पत्रकार वार्ता में फिल्म गोदान को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गाय पूजनीय है और देश का हर व्यक्ति गाय का सम्मान करता है। मंत्री ने गाय को सात्विक बताते हुए कहा कि यह हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने अपने गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक गाय नॉनवेज खाने वाले घर की रोटी तक नहीं खाती थी, जो गाय की सात्विक प्रकृति का प्रमाण है।
राज्यमंत्री ने लोगों से गोदान फिल्म देखने और उसके संदेश को समझने की अपील की। साथ ही उन्होंने देश के युवाओं से आग्रह किया कि वे भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समझें और उससे जुड़ें, ताकि समाज में नैतिक मूल्यों और परंपराओं का संरक्षण हो सके। केंद्र सरकार के बजट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाओं का निर्णय लेती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स की घोषणा को लेकर चंदौसी में एम्स बनाए जाने की मांग पर उन्होंने कहा कि मंत्री और विधायक अपने-अपने क्षेत्र में विकास योजनाएं लाना चाहते हैं, लेकिन अंतिम फैसला जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर सरकार करती है। इसके अलावा सम्भल के एक सरकारी विद्यालय में महापुरुषों की तस्वीरें हटाकर कुरान की आयतें लगाने के मामले पर राज्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रधानाध्यापक और अध्यापक को सस्पेंड कर दिया गया है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की बात भी कही। राज्यमंत्री के इस बयान से जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
What's Your Reaction?











