Moradabad: सामूहिक विवाह घोटाले पर हड़कंप! समाज कल्याण विभाग में जांच के आदेश।
बीते साल के दिसंबर माह में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत समाज कल्याण विभाग ने दो समारोह का आयोजन किया था। जनवरी
मुरादाबाद। बीते साल के दिसंबर माह में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत समाज कल्याण विभाग ने दो समारोह का आयोजन किया था। जनवरी माह में बैठक लेने आये जिले के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार के सामने कुंदरकी के भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने पिछले दिनों मंत्री के समक्ष इस वैवाहिक योजना में भारी भ्रष्टाचार किए जाने का मुद्दा उठाया था, जिससे जिलेभर के अधिकारियों में खलबली मच गई थी। इसे लेकर लिखित मे भी मंडलीय अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुड़ी जैन ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने 23 जनवरी को सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत चार दिसंबर 2025 को एमडीए ग्राउंड सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार व पांच दिसंबर को अरकेडिया ग्रीन जीरो प्वाइंट रामपुर रोड मुरादाबाद में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल जोड़ों की जांच के आदेश सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सदर व जिलास्तरीय अधिकारियों को दिए हैं। इसमें अधिकारियों को रेंडम आधार पर 10 प्रतिशत भौतिक सत्यापन करने को कहा गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी व जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी समेत कई अन्य अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सीडीओ ने सत्यापन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक दशा में तीन फरवरी तक सत्यापन रिपोर्ट जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय को सौंप दें। मगर तीन जनवरी तक भी पूरी जांच रिपोर्ट जिला मुख्यालय को प्राप्त नहीं हुई है। बताया जाता है कि मुडांपांडे व कुदंरकी ब्लॉक में इस योजना में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां बतायी जाती हैं।
यह दोनों ब्लॉक भाजपा विधायक रामवीर सिंह के विधानसभा क्षेत्र में आते हैं जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुड़ी जैन जो अभी पांच छ महीने पहले इस पद पर तैनात हुई हैं ने बताया अभीतक सभी जांच अधिकारियों की रिपोर्ट सीडीओ कार्यालय नहीं पहुंची है करीब 20 फीसदी रिपोर्ट आ गयी है जिसमें जानकारी मिली है कि विवाह समारोह में किसी दुल्हन को बिछुएं नहीं मिले हैं तो किसी को पाजेब नहीं मिली है तो किसी को गद्दे तक नहीं दिए हैं। किसी को बिना उपहार के ही यह कहकर घर वापस भेज दिया अब सामान खत्म हो गया है और तो और किसी युवती को बिना शादी हुए ही शादी का जोड़ा पहना दिया गया है। इस तरह से देखा जाये तो जांच रिपोर्ट में तरह तरह की गड़बडियां सामने आ रही है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया मुंढा पांडे ने व कुदंरकी ब्लॉक में तैनात दो एडीओ (समाज कल्याण) प्रशांत सिंह व ललित कुमार को प्रारंभिक रूप से दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से हटाकर समाज कल्याण के जिला मुख्यालय से अटैच किया है।
साथ ही इन दोनों एडीओ के वेतन निकासी पर भी रोक लगा दी है तथा जिला विकास अधिकारी एंव जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को संपूर्ण जांच की आख्या दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के भी निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने दिए हैं। बताया यह भी गया है कि इन दोनों एडीओ को जल्दी निलंबित भी किया जा सकता है। दूसरी तरफ भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने स्वदेश को जानकारी देते हुए बताया इन शादी समारोह में करीब सवा करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है उन्होंने प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण को इस पूरे घोटाले की लिखित शिकायत की थी जिस पर मंत्री जी ने इस पूरे घोटाले की जांच के लिए एक अलग से टीम गठित कर दी है जो सारे घोटाले की जांच करेगी। भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने यह भी कहा है यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वह इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे अगर जरूरत पड़ी तो विधानसभा में भी यह घोटाला उठायेंगे।
What's Your Reaction?











