Amethi : सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, डीएम ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए
डीएम ने निर्देश दिए कि मुख्य सड़कों और संवेदनशील जगहों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड पैच सुधार, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग का काम जल्द पूरा हो। जहां काम हो चुका है, वहां भौ
अमेठी जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था मजबूत करने के लिए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पहले दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार कार्य और यातायात नियमों के पालन पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीएम ने निर्देश दिए कि मुख्य सड़कों और संवेदनशील जगहों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड पैच सुधार, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग का काम जल्द पूरा हो। जहां काम हो चुका है, वहां भौतिक जांच भी हो। स्कूली वाहनों और बसों की नियमित जांच, फिटनेस और जरूरी दस्तावेजों की जांच हो। 15 वर्ष से पुराने वाहनों पर खास नजर रखी जाए।
ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई से दृश्यता बढ़ाई जाए। टोल प्लाजा पर क्रेन, कटर और एम्बुलेंस उपलब्ध रहें। प्रमुख चौराहों पर लाइट, संकेतक और चेतावनी बोर्ड ठीक रखे जाएं। चालान और जुर्माने की कार्रवाई प्रभावी हो। जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रमेश चंद्र, एआरटीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी और बीएसएम संजय तिवारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?











