Hapur: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 517 जोड़े बने हमसफर, शहनाइयों से गूंजा हापुड़। 

हापुड़ में शनिवार का दिन खुशियों और शहनाइयों की गूंज से सराबोर रहा। दिल्ली रोड स्थित एसएसवी कॉलेज का मैदान उस समय रंग-बिरंगे

By INA News Desk
Mar 14, 2026 - 22:15
60 Views
Hapur: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 517 जोड़े बने हमसफर, शहनाइयों से गूंजा हापुड़। 
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 517 जोड़े बने हमसफर, शहनाइयों से गूंजा हापुड़। 

हापुड़। हापुड़ में शनिवार का दिन खुशियों और शहनाइयों की गूंज से सराबोर रहा। दिल्ली रोड स्थित एसएसवी कॉलेज का मैदान उस समय रंग-बिरंगे जोड़ों और रिश्तेदारों की भीड़ से भर गया, जब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक साथ 517 जोड़े सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंध गए। पूरे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल रहा और मंच से नवविवाहित जोड़ों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जनपद के अलग-अलग ब्लॉकों से आए जोड़ों ने विवाह की रस्में पूरी कीं। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि इस सामूहिक विवाह में कुल 517 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 340 हिंदू और 177 मुस्लिम जोड़े शामिल हैं। एक ही मंच के नीचे दोनों समुदायों के जोड़ों का विवाह होने से कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द की भी झलक दिखाई दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक सदर विजयपाल आढती ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की बेहद महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना है। उन्होंने बताया कि अब सरकार प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च कर रही है। इसमें 60 हजार रुपये सीधे वधू के खाते में भेजे जाते हैं, जबकि 25 हजार रुपये का गृहस्थी का सामान और 15 हजार रुपये भोजन व अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।

विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़वाया गया। ढोल-नगाड़ों और शहनाइयों की गूंज के बीच दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।

ब्लॉकवार आंकड़ों की बात करें तो हापुड़ ब्लॉक से सबसे ज्यादा 157 जोड़ों का विवाह हुआ, जबकि सिंभावली ब्लॉक से 104, गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक से 76 और धौलाना ब्लॉक से 78 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।

जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन आपसी विश्वास, सम्मान और प्रेम से ही सुखद बनता है। उन्होंने सभी जोड़ों को नए जीवन की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर विधायक गढ़मुक्तेश्वर हरेंद्र तेवतिया, जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम, विभिन्न ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों के परिजन और रिश्तेदार भी इस यादगार पल के गवाह बने।

Also Read- मुरादाबाद के बिलारी बस स्टैंड पर नवविवाहिता का रहस्यमय गायब होना: पति को पकौड़ी लाने भेजकर फरार।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow