Agra: रुनकता का विकास मेरे दिल के करीब, नगर पंचायत बनाने के प्रयास करूंगा – उदयभान चौधरी
पूर्व मंत्री उदयभान चौधरी ने कहा कि रुनकता का विकास उनके दिल के बेहद करीब है और वे इसे नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के
आगरा: पूर्व मंत्री उदयभान चौधरी ने कहा कि रुनकता का विकास उनके दिल के बेहद करीब है और वे इसे नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए फिर से प्रयास करेंगे। यह बात उन्होंने सिरकी मंडी स्थित अपने निवास पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कही।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जनपद की रुनकता ग्राम पंचायत को नगर पंचायत घोषित करने के प्रयास तेज किए जाएं। उन्होंने कहा कि अनेक सांस्कृतिक धरोहरों को समेटे रुनकता का अर्ध-शहरीकरण हो चुका है और यह नगर पंचायत घोषित किए जाने के लिए पूरी तरह अनुकूल है। ब्राह्मण बुद्धिजीवियों ने पूर्व मंत्री को याद दिलाया कि रुनकता को नगर पंचायत बनाने की पहल उन्होंने ही अपने कार्यकाल में शुरू की थी और मामला राजस्व परिषद के नोटिफिकेशन तक पहुंच चुका था, लेकिन वर्तमान में यह शासन स्तर पर लंबित है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रुनकता ब्रज क्षेत्र की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक विरासत वाला स्थान है। यहां भगवान परशुराम के पिता ऋषि जमदग्नि का आश्रम और मंदिर स्थित है, वहीं रावण के पिता ऋषि विश्रवा से जुड़ा स्थल भी यहां माना जाता है। पूर्व में यहां पवित्र ज्यामितीय उपकरण ‘कुबेर यंत्र’ स्थापित था, जिसे आक्रांताओं द्वारा क्षतिग्रस्त कर ले जाने की बात कही जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि रुनकता ब्रज की चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर आगरा की ओर का सबसे सुदूर गांव है और यहां स्थित रेणुका घाट पर श्रद्धालु आस्था के साथ स्नान करते हैं।
पूर्व मंत्री उदयभान चौधरी ने कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में यह कार्य पूरा नहीं हो सका, लेकिन अब इसे पूरा करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि ब्रज संस्कृति को समृद्ध करने वाली इस मांग को शासन, विशेषकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने ब्राह्मण बुद्धिजीवियों से कहा कि यदि संभव हुआ तो संगठन के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के समक्ष भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रुनकता ब्रजमंडल का अत्यंत प्राचीन गांव है और यहां की सांस्कृतिक व धार्मिक परंपराएं द्वापर और त्रेता युग से जुड़ी मानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि जब तक यमुना नदी का प्रवाह गोकुल बैराज के नियंत्रण से मुक्त था, तब तक इसकी पौराणिक विशिष्टताएं अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देती थीं।
प्रेस नोट में यह भी बताया गया कि 14 सितंबर 2019 को तत्कालीन विधायक उदयभान सिंह ने रुनकता को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव दिया था। स्थानीय प्रशासन ने इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी थी, जिसके बाद नगर विकास विभाग ने इस प्रस्ताव पर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित करने के लिए आदेश जारी किया था।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि रुनकता को टाउन एरिया का दर्जा मिलता है तो यहां व्यवस्थित विकास कार्य संभव हो सकेंगे। शुद्ध पेयजल व्यवस्था, सीवर के निस्तारण और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना जैसे कार्य भी तब ही प्रभावी ढंग से हो पाएंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री से मिलने वालों में डॉ. महेश शर्मा, डॉ. मधु भारद्वाज, के.एन. अघनोत्री और अनिल शर्मा शामिल रहे।
Also Read- Lucknow : प्रदेश में आवासीय सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की नई पहल, गाजियाबाद बना मॉडल जिला
What's Your Reaction?











