Hardoi : निजी अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय रास्ते में प्रसूता की मौत, भाई ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी के रहने वाले अरुण की 30 वर्षीय पत्नी मंजू ने कुछ दिन पहले एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए एक बेटी को जन्म दिया था। बच्ची के जन्म के बाद से ही महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह वहीं भर्ती थीं
Report : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक प्रसूता की निजी अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पीड़िता के बड़े भाई ने अपने ही बहनोई पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी के रहने वाले अरुण की 30 वर्षीय पत्नी मंजू ने कुछ दिन पहले एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए एक बेटी को जन्म दिया था। बच्ची के जन्म के बाद से ही महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह वहीं भर्ती थीं। दोपहर के समय अचानक उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसे देखकर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में महिला को एंबुलेंस से लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुए, लेकिन संडीला के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत से कोहराम मच गया और परिजन शव लेकर वापस घर आ गए। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के बड़े भाई मनोज अपने परिवार के साथ प्रेम नगर कॉलोनी पहुंचे और उन्होंने अपने बहनोई अरुण पर बहन के इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को फोन किया। पुलिस ने रात में ही शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के परिवार में उनके पति, दो बेटियां और एक बेटा प्रियांशु हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पीड़िता के मायके पक्ष की तरफ से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?




