Hardoi News: हरपालपुर को मिली बड़ी सौगात! 3.25 करोड़ से बनेगा CO कार्यालय और आवास, विधायक ‘रानू’ के प्रयास लाए रंग
सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में पुलिस प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा
- हरपालपुर की बदलेगी पुलिस व्यवस्था! 3.25 करोड़ रुपये से बनेगा CO कार्यालय और आवास, 5 थानों को मिलेगा सीधा लाभ
हरदोई। सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में पुलिस प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। सवायजपुर में हरपालपुर क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय एवं आवास निर्माण के लिए शासन स्तर से कुल 325.25 लाख रुपये (3 करोड़ 25 लाख 25 हजार रुपये) की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह स्वीकृति सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ के प्रयासों का परिणाम है।
स्वीकृत धनराशि में क्षेत्राधिकारी कार्यालय के निर्माण के लिए 162.02 लाख रुपये तथा आवास निर्माण के लिए 163.23 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
गौरतलब है कि क्षेत्राधिकारी हरपालपुर के कार्यक्षेत्र में हरपालपुर, अरवल, सवायजपुर, लोनार और बेहटा गोकुल सहित पांच थाने आते हैं। ऐसे में सवायजपुर में सीओ कार्यालय एवं आवास का निर्माण इन पांचों थानों से जुड़ी पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा। इससे पुलिस अधिकारियों को बेहतर कार्यस्थल एवं आवासीय सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर पुलिस कार्यों के समन्वय, निगरानी और प्रशासनिक संचालन में भी सहूलियत मिलेगी।
इस परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधा भी है। सीओ कार्यालय सवायजपुर में स्थापित होने से संबंधित पांच थानों के क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए क्षेत्रीय स्तर पर ही उच्च पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें क्षेत्राधिकारी स्तर के कार्यों के लिए हरदोई मुख्यालय तक अनावश्यक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और समय एवं संसाधनों की बचत होगी।
पांच थानों के विस्तृत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने और नागरिकों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में क्षेत्राधिकारी कार्यालय की अहम भूमिका होती है। ऐसे में कार्यालय एवं आवास निर्माण की स्वीकृति को सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?

