मसूरी के जाम पर प्रशासन सख्त, सड़कों पर उतरे एसडीएम राहुल आनंद, अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

पर्यटन सीजन के बीच मसूरी में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार को

Jun 6, 2026 - 18:41
27 Views
मसूरी के जाम पर प्रशासन सख्त, सड़कों पर उतरे एसडीएम राहुल आनंद, अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश
मसूरी के जाम पर प्रशासन सख्त, सड़कों पर उतरे एसडीएम राहुल आनंद, अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्टर सुनील सोनकर

पर्यटन सीजन के बीच मसूरी में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार को एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के नौ प्रमुख चौराहों और जाम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने, अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी से गांधी चौक, किंक्रेग चौक और पिक्चर पैलेस तक निरीक्षण कर जाम के प्रमुख कारणों की पहचान की।

एसडीएम ने कहा कि प्रतिबंधित समय के बाद शहर में प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहन भी जाम का बड़ा कारण बन रहे हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ पुलिस और परिवहन विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर वाहनों को सीज भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांधी चौक क्षेत्र में विशेष ड्रॉपिंग प्वाइंट विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे टैक्सी और अन्य वाहन सड़क पर रुकने के बजाय निर्धारित स्थान पर यात्रियों को उतार सकेंगे।

राहुल आनंद ने कहा कि शहर में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए निजी भूमि पर पार्क विकसित करने वालों को शासन स्तर पर प्रोत्साहन दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की एक सप्ताह बाद समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल जाम हटाना नहीं, बल्कि मसूरी में स्थायी और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था विकसित करना है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिल सके।

Also Read- Mussoorie: राहुल गांधी का मसूरी दौरा मौसम की भेंट चढ़ा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मायूसी, स्वागत की पूरी तैयारी धरी रह गई, बोले नेता- जल्द फिर आएंगे राहुल।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow