Amethi : महाशिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता, डीएम और एसपी ने प्रमुख शिव मंदिरों का किया निरीक्षण

मेला क्षेत्र में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, आवागमन, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए

By INA News Desk
Feb 13, 2026 - 23:43
124 Views
Amethi : महाशिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता, डीएम और एसपी ने प्रमुख शिव मंदिरों का किया निरीक्षण
Amethi : महाशिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता, डीएम और एसपी ने प्रमुख शिव मंदिरों का किया निरीक्षण

अमेठी जिले में महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने संयुक्त रूप से प्रमुख शिव मंदिरों का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने तिलोई स्थित तपेश्वरनाथ धाम और मुसाफिरखाना तहसील के श्री दंडेश्वर नाथ धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। दंडेश्वर धाम आदि गंगा गोमती नदी की तलहटी पर स्थित ऐतिहासिक मंदिर है। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

मेला क्षेत्र में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, आवागमन, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि संभावित भीड़ को ध्यान में रखकर पर्याप्त बैरिकेडिंग लगाई जाए। साफ-सफाई, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के निर्देश दिए। दंडेश्वर धाम परिसर में सचल दल और जल पुलिस टीम की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करने की हिदायत दी गई।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अभिनव कन्नौजिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का प्रयास है कि महाशिवरात्रि का पर्व बिना किसी असुविधा के शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए।

Also Click : Bajpur : देहरादून में 15 दिनों में पांच हत्याएं, कानून व्यवस्था पर यशपाल आर्य ने उठाए सवाल

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow