Sambhal: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता यात्रा निकली, एनडीए की बिहार जीत पर मनाया जश्न।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सम्भल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एकता-यात्रा (यूनिटी मार्च) का शुभारंभ सूरजकुंड
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सम्भल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एकता-यात्रा (यूनिटी मार्च) का शुभारंभ सूरजकुंड परिसर से किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री भाजपा डॉ. चंद्रमोहन, विधानसभा प्रत्याशी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल तथा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली गई। डॉ. चंद्रमोहन ने पटेल जी के जन्म, स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका और 552 रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
यात्रा में भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “भारत माता की जय” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। यात्रा सूरजकुंड मंदिर से होते हुए चौधरी चरण सिंह पार्क, यशोदा चौराहा, चंदौसी चौराहा, चमन सराय और बाजार मार्ग से गुजरते हुए शंकर कॉलेज पर संपन्न हुई। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।
प्रथम पड़ाव पर राजेश सिंघल ने सरदार पटेल के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. अरविंद ने रियासतों के विलय में उनकी भूमिका को विस्तार से बताया। समापन में डॉ. चंद्रमोहन ने एकता के संदेश पर जोर दिया और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने पटेल को वह सम्मान दिया है, जो उन्हें पहले मिलना चाहिए था। कार्यक्रम संचालन भीष्म शर्मा ने किया।
यात्रा के बाद भाजपा जिला कार्यालय पर ढोल-नगाड़ों, पटाखों और मिठाइयों के साथ बिहार चुनाव में पार्टी की विजय का उत्सव मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने नृत्य कर जीत का जश्न मनाया।
Also Read- बिहार विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2025: NDA की प्रचंड जीत की ओर, 190+ सीटों पर मजबूत बढ़त।
What's Your Reaction?











