उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्य तैयारियां, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने दिए अहम निर्देश
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की समीक्षा बैठक की। विधान भवन पर ध्वजारोहण, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा और सुरक्षा के कड़े निर्देश जारी।
लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और देशभक्ति के माहौल में आयोजित करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
विधान भवन के समक्ष आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और राज्य की जनता को संबोधित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से सीधा प्रसारण होगा। इसके अलावा शहर के मुख्य स्थानों पर एलइडी स्क्रीन के जरिए संबोधन को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर प्रदेश की विकास यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम और वीरों की गाथाओं पर आधारित फोटो प्रदर्शनी तथा विभिन्न थीमों पर आधारित सेल्फी पॉइंट भी तैयार किए जाएंगे।
समारोह के दौरान विधान भवन और आसपास के क्षेत्रों को फूलों तथा आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जाएगा, साथ ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की व्यवस्था भी रहेगी। सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की समुचित व्यवस्था की जाएगी। शाम के समय शहर के प्रमुख पार्कों और चौराहों पर पुलिस व सुरक्षा बलों के बैंड देशभक्ति की धुनें बजाएंगे। बैठक में सचिवालय प्रशासन के प्रमुख सचिव मनीष चौहान, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा और जिलाधिकारी विशाख जी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Click : यूपी में छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित, नोडल अधिकारी किए जाएंगे तैनात
What's Your Reaction?




