पीएम सूर्य घर योजना में यूपी का दबदबा: रूफटॉप सोलर स्थापना में देश भर में पहले स्थान पर, तोड़े कई रिकॉर्ड
पीएम सूर्य घर योजना में यूपी देश में नंबर एक। एक महीने में रिकॉर्ड 74,796 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर गुजरात और महाराष्ट्र को पीछे छोड़ा।
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत घरेलू छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के मामले में उत्तर प्रदेश ने पूरे देश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। राज्य ने एक ही महीने के भीतर रिकॉर्ड 74,796 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान अपने नाम कर लिया है। इस दौड़ में आंध्र प्रदेश 69,813 संयंत्रों के साथ दूसरे तथा महाराष्ट्र 60,907 संयंत्रों के साथ तीसरे पायदान पर रहा, जबकि गुजरात में 45,616 और केरल में 30,315 सोलर इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए।
मासिक प्रगति के विश्लेषण से साफ है कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 2,493 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए गए, जिसमें एक ही दिन में सर्वाधिक 3,389 संयंत्र लगाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी शामिल है। उत्तर प्रदेश ने इस अवधि में गुजरात की तुलना में 29,180 और महाराष्ट्र के मुकाबले 13,889 अधिक संयंत्र लगाकर बड़ी बढ़त बनाई। देश भर में स्थापित कुल 4,38,815 रूफटॉप सोलर संयंत्रों में अकेले उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 17 प्रतिशत दर्ज की गई है।
नवीकरणीय ऊर्जा के व्यापक विस्तार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशन में यूपी नेडा के निदेशक रविंदर सिंह के नेतृत्व में विभागीय तालमेल और निगरानी तंत्र को अत्यंत प्रभावी बनाया गया है। अब तक प्रदेश में इस योजना के अंतर्गत कुल 8,67,755 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे 2,911.39 मेगावाट से अधिक हरित ऊर्जा की स्थापित क्षमता तैयार हो चुकी है। संचयी स्थापना के मामले में भी उत्तर प्रदेश गुजरात के बेहद करीब पहुंच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को इस योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने पर आकर्षक केंद्रीय व राज्य स्तरीय सब्सिडी सीधे उपलब्ध कराई जा रही है। उपभोक्ता राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। सौर ऊर्जा को अपनाकर न केवल बिजली बिलों में भारी बचत की जा सकती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा क्रांति में भी सक्रिय भागीदारी निभाई जा सकती है।
What's Your Reaction?