यूपी में सरदार पटेल कौशल व रोजगार योजना का आगाज: सीएम योगी देंगे ₹1725 करोड़ की सौगात, 5 जिलों में बनेंगे केंद्र
राष्ट्रीय एकता दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ 1,725 करोड़ की सरदार पटेल कौशल व रोजगार योजना शुरू करेंगे। 5 जिलों में केंद्र और युवाओं को मिलेंगे जॉब लेटर।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार और कौशल संवर्धन के क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में 1,725 करोड़ रुपये की लागत वाली महत्वाकांक्षी 'सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना' का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस बहुप्रतीक्षित योजना का उद्देश्य युवाओं की तकनीकी कार्यक्षमता को तराश कर उन्हें स्थानीय और वैश्विक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।
योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन और सुगम संचालन के लिए मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल का लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त, प्रथम चरण के अंतर्गत प्रदेश के पांच प्रमुख जनपदों लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, झांसी और गौतम बुद्ध नगर में 'सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास केंद्र' का शिलान्यास किया जाएगा। औद्योगिक मांग के अनुरूप युवाओं के कौशल विकास और सुरक्षित प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के लिए देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों और संस्थाओं के साथ महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) भी हस्ताक्षरित किए जाएंगे।
समारोह में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग तथा यूपीएसआईसी के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को बहुराष्ट्रीय व प्रतिष्ठित निजी कंपनियों के जॉब ऑफर लेटर और प्लेसमेंट पत्र वितरित किए जाएंगे। स्वरोजगार को जमीनी स्तर पर गति देने के लिए पारंपरिक कारीगरों और एमएसएमई उद्यमियों को आधुनिक टूलकिट तथा वित्तीय सहायता के चेक प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे अपने उद्यमों का विस्तार कर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।
इस भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी तथा राज्य मंत्री हंस राज विश्वकर्मा उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही विधायक जय देवी, डॉ. नीरज बोरा, डॉ. राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला और अमरेश कुमार सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं भारी संख्या में युवा प्रतिभागी समारोह का हिस्सा बनेंगे।
What's Your Reaction?

