सम्भल नगर पालिका की बजट बैठक में हंगामा: 185 करोड़ का ‘ऐतिहासिक बजट’ पास, GIS सर्वे पर बवाल।
सम्भल नगर पालिका परिषद की बजट बैठक इस बार काफी गरमाई रही। अधिशासी अधिकारी मणिभूषण तिवारी ने इसे “ऐतिहासिक बजट
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल नगर पालिका परिषद की बजट बैठक इस बार काफी गरमाई रही। अधिशासी अधिकारी मणिभूषण तिवारी ने इसे “ऐतिहासिक बजट” बताते हुए बताया कि इस बार कुल प्रस्तावित बजट 185 करोड़ 52 लाख रुपये का रखा गया है, जबकि आय और व्यय करीब 167 करोड़ 88 लाख रुपये के आसपास है। उनके मुताबिक यह बजट पूरी तरह जनता केंद्रित है, जिसमें सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, तीर्थ पर्यटन और आउटसोर्स कर्मचारियों तक सभी को शामिल किया गया है।
GIS सर्वे से बढ़ेगी पालिका की आय
अधिशासी अधिकारी ने कहा कि GIS सर्वे के जरिए ऐसी संपत्तियां भी टैक्स के दायरे में आएंगी जो अब तक छूट गई थीं। इससे पालिका की आय बढ़ेगी और शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
लेकिन यहीं से शुरू हुआ विवाद
सभासद शौकीन ने साफ कहा कि GIS सर्वे का प्रस्ताव रद्द कर दिया गया है, जबकि अन्य प्रस्तावों पर चर्चा हुई लेकिन कई को रोक दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन द्वारा थोपे जा रहे टैक्स से गरीब जनता पर भारी बोझ पड़ेगा। उनका कहना है कि 300 रुपये का टैक्स 1800 और 500 का 5000 तक कर दिया गया है, जिसका लगातार विरोध किया जा रहा है।
सभासदों का विरोध और बहिष्कार
सभासद गगन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब उनकी बात सुनी ही नहीं जा रही तो बैठक में बैठने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर विभाग लगातार नए टैक्स जोड़ रहा है, जिससे व्यापार और आम जनता दोनों परेशान हैं।
एक तरफ प्रशासन इस बजट को विकास की दिशा में बड़ा कदम बता रहा है, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधि इसे जनता पर आर्थिक बोझ मानते हुए विरोध कर रहे हैं। GIS सर्वे और बढ़ते टैक्स को लेकर खींचतान के बीच साफ है कि आने वाले दिनों में सम्भल नगर पालिका की राजनीति और गरमाने वाली है।
Also Read- अब बंगाल में भी बहार, क्योंकि बनने जा रही डबल इंजन सरकार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
What's Your Reaction?









