अयोध्या दीपोत्सव 2026- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे शुभारंभ, 56 घाटों पर जलेंगे दीप; 3D मैपिंग व ड्रोन शो से सजेगी रामनगरी
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे दसवें अयोध्या दीपोत्सव 2026 का शुभारंभ। सरयू के 56 घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन, 3D प्रोजेक्शन, लेजर और ड्रोन शो होंगे मुख्य आकर्षण।
प्रभु श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या अपने दसवें भव्य और ऐतिहासिक दीपोत्सव-2026 के स्वागत के लिए पूरी तरह सुसज्जित है। इस वर्ष दीपोत्सव का औपचारिक शुभारंभ पूज्य संत-महात्माओं और धर्माचार्यों के पावन सान्निध्य में देश के माननीय उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा किया जाएगा। इस गरिमामयी और ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। दीपोत्सव के पावन उपलक्ष्य में सरयू नदी के 56 पक्के घाटों पर असंख्य दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जबकि नवनिर्मित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर को अलौकिक व रंग-बिरंगी रोशनी से आलोकित किया जाएगा।
समारोह के दौरान भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी के लंका विजय उपरांत अयोध्या आगमन के दृश्य को प्रतीकात्मक रूप में प्रस्तुत करती भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देश के 13 राज्यों के सांस्कृतिक दल सहभागिता करेंगे। रामायण के विभिन्न आदर्श प्रसंगों पर आधारित सजीव व कलात्मक झांकियां जनमानस के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगी। नगर के प्रवेश द्वारों से लेकर धर्मपथ और भक्तिपथ तक के संपूर्ण क्षेत्र को थीमैटिक इंटेलिजेंट लाइटिंग तथा आधुनिक एलईडी पैनलों से जगमगाया जा रहा है।
दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण राम की पैड़ी पर आयोजित होने वाला अत्याधुनिक 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और रामायण प्रसंगों पर आधारित भव्य ड्रोन शो होगा। इसके अतिरिक्त, नया घाट पर संगीतमय (म्यूजिकल) आतिशबाजी का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय और ख्यातिप्राप्त भारतीय रामलीला दलों द्वारा प्रभु श्रीराम के आदर्श चरित्र का मंचन किया जाएगा। देश और प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए लगभग 2,000 लोक कलाकार अपनी सांस्कृतिक और भक्तिमय प्रस्तुतियों से रामनगरी के वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर करेंगे।
इस विराट समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरि ओम पांडेय सहित विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, डॉ. अमित सिंह चौहान और अभय सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
What's Your Reaction?

