अयोध्या दीपोत्सव: राम की पैड़ी पर 23.68 करोड़ से विकसित हुईं नई पर्यटन सुविधाएं, 30 लाख दीपों से सजेगी रामनगरी

अयोध्या दीपोत्सव 2026 में 30 लाख दीपों से जगमगाएगी राम की पैड़ी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ₹23.68 करोड़ से ओपन एयर थिएटर, दर्शक दीर्घा व सेल्फी प्वाइंट तैयार।

By INA News Desk
Nov 5, 2026 - 23:36
4 Views
अयोध्या दीपोत्सव: राम की पैड़ी पर 23.68 करोड़ से विकसित हुईं नई पर्यटन सुविधाएं, 30 लाख दीपों से सजेगी रामनगरी
Advertisement
Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में भव्यता के नए कीर्तिमान रचने जा रहे 'दीपोत्सव-2026' में जहां पूरी अयोध्या 30 लाख दीपों के पावन प्रकाश से आलोकित होने के लिए तैयार है, वहीं सरयू किनारे स्थित ऐतिहासिक राम की पैड़ी का नया स्वरूप श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। 'श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद' के अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 23.68 करोड़ रुपये की लागत से फेज-2 के तहत विकसित की गई विश्वस्तरीय नागरिक और पर्यटन सुविधाओं का लाभ देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भरपूर उठा रहे हैं। यहां विशेष रूप से तैयार ओपन एयर थिएटर, दर्शक दीर्घा, विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि परियोजना के माध्यम से राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक गतिविधियों के नियमित मंचन हेतु भव्य मंच, आकर्षक प्रवेश द्वार और श्रद्धालुओं के सुगमतापूर्वक बैठने के लिए विशाल दर्शक दीर्घा का निर्माण कराया गया है। परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए पारंपरिक भारतीय स्थापत्य कला के अनुरूप छह स्टोन छतरियों, छह स्टोन ज्योति दीपों, अलंकृत पाषाण स्तंभों, स्टोन प्लांटर्स तथा नक्काशीदार स्टोन जालियों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा संपूर्ण तट पर रामायणकालीन प्रसंगों को दर्शाती कलात्मक म्यूरल वॉल, भव्य प्रकाश व्यवस्था (लैंडस्केप लाइटिंग), शिलालेख, सुव्यवस्थित ग्रीन बेल्ट और पर्यटकों के मार्गदर्शन के लिए दिशा-सूचक बोर्ड स्थापित किए गए हैं।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान रामनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए ये बुनियादी सुविधाएं अत्यधिक उपयोगी सिद्ध होंगी। यह अधोसंरचना केवल दीपोत्सव-2026 तक सीमित न रहकर पूरे वर्ष अयोध्या आने वाले पर्यटकों के लिए आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने का स्थायी केंद्र बनेगी।

अपर मुख्य सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि अयोध्या में पर्यटन विकास का मूल ध्येय श्रद्धालुओं को केवल बुनियादी सुविधाएं देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सरयू के पावन तट के नैसर्गिक सौंदर्य और रामनगरी के आध्यात्मिक वैभव से जोड़कर एक अविस्मरणीय अनुभूति प्रदान करना है। राम की पैड़ी पर विकसित ओपन एयर थिएटर स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को अपनी प्रस्तुतियां देने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा, जिससे अयोध्या का सांस्कृतिक पर्यटन नए आयाम छुएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement