Deoband News: देश के अन्नदाता किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे- भगत सिंह वर्मा

भाजपा की केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश का अन्नदाता किसान बर्बादी के कगार पर ,वर्मा....

By INA News Desk
Jan 11, 2025 - 12:15
289 Views
Deoband News: देश के अन्नदाता किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे- भगत सिंह वर्मा

देवबंद: ग्राम गंगदासपुर जट में भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक के बाद किसानों का जत्था राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा के नेतृत्व में खनोरी बॉर्डर पंजाब के लिए रवाना हो गया है। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि कृषि प्रधान देश है और भाजपा की केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश का अन्नदाता किसान बर्बादी के कगार पर है। पिछले 11 महीने से खनोरी बॉर्डर शंभू बॉर्डर डबवाली बॉर्डर पर देश के लाखों किसान हजारों ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ हाईवे पर धरना दिए हुए हैं।

खनोरी बॉर्डर पर देश के ईमानदार किसान नेता सरदार जगजीत सिंह डल्लेवाल पिछले 44 दिन से किसानों की समस्याओं को लेकर आमरण अनशन पर हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने विरोध प्रकट करते हुए कहा कि दिल्ली में केंद्र की मोदी सरकार किसान विरोधी और किसानों के प्रति उदासीन है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपनी गलती स्वीकारते हुए कहा था कि हम जल्द ही एम एस पी को गारंटी कानून बनाएंगे। और किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। किसानों की आय दोगुनी तो क्या आधी भी नहीं रह गई है। किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य तो दूर लागत मूल्य भी सरकार नहीं दिला पा रही है। जिसके कारण आज देश के अन्नदाता किसानों पर 23 लाख करोड रुपए का कर्ज हो गया है। और किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी को जल्द ही किसान नेताओं से बात करके देश हित में किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाना चाहिए।

एम एस पी को गारंटी कानून बनाना चाहिए। सरकार की गलत नीति के कारण कर्ज बंद हुए किसानों के सभी कर्ज समाप्त होने चाहिए। डॉ एम एस स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करना चाहिए। देश के अन्नदाता किसानों की एक निश्चित आय करने के लिए चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बराबर आय करने के लिए राष्ट्रीय आय आयोग का गठन करना चाहिए। 58 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग किसानों और मजदूरों को ₹10000 प्रति माह वृद्धावस्था पेंशन दिलानी चाहिए। गन्ना देश और सभी राज्यों की आर्थिक रीढ़ है। गन्ना किसानों को गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹700 कुंतल तत्काल घोषित करना चाहिए।

चीनी मिलों से गन्ना किसानों को तत्काल गन्ना भुगतान व ब्याज दिलाना चाहिए। देश के अन्नदाता किसान दिल्ली में सत्ता में भागीदारी नहीं करना चाहते हैं। किसानों को तो अपनी समस्या हल होनी चाहिए। लोकतंत्र शासन में किसानों को अपनी बात दिल्ली जाकर कहने का हक होना चाहिए। इस प्रकार सड़कों पर अवरोध करके किसानों को दिल्ली जाने से रोकना अंग्रेजी हुकूमत की याद दिलाता है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसान अपने हकों के लिए बराबर लड़ते रहेंगे। बैठक का संचालन करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय सलाहकार रजत शर्मा ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता है।

Also Read- Saharanpur News: फतेहपुर पुलिस ने छह शातिर लुटेरे किए गिरफ्तार।

प्रधानमंत्री मोदी जी को और दिल्ली में बैठे हुए बड़े नेताओं को अन्नदाता किसानों से वार्ता करके उनकी समस्या को तत्काल हल करना चाहिए। खेती किसानी और गांव को बचाने के लिए लुटियंस जोन दिल्ली में बैठे हुए नेताओं को ठोस कदम उठाने चाहिए किसान बचेगा तो देश बचेगा। बैठक में भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद जहीर तुर्की प्रदेश सचिव रिशिपाल गुर्जर प्रदेश संगठन मंत्री धर्मवीर चौधरी मंडल मीडिया प्रभारी दुष्यंत सिंह जिला उपाध्यक्ष वसीम जहीरपुर जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह एडवोकेट जिला मंत्री महबूब हसन पदम सिंह प्रदीप कुमार जोगेंद्र सिंह विपिन कुमार दीपक चौधरी जगपाल सिंह रविंद्र सिंह गौरव शर्मा महेंद्र सिंह अभिषेक चौधरी सुमित वर्मा अमित कुमार आकाश चौधरी हिमांशु सुरेश कुमार आदि ने भाग लिया। बैठक के बाद किसानों का जत्था राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा के नेतृत्व में खनोरी बॉर्डर पंजाब के लिए रवाना हो गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow