Hardoi: हरदोई में कथित चिकित्सीय लापरवाही से महिला की मौत, ऑपरेशन के दौरान पेट में छूटा सर्जिकल तौलिया। 

जिले में कथित चिकित्सीय लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पथरी के ऑपरेशन के दौरान पेट में सर्जिकल तौलिया छूट

By INA News Desk
Mar 3, 2026 - 19:55
79 Views
Hardoi: हरदोई में कथित चिकित्सीय लापरवाही से महिला की मौत, ऑपरेशन के दौरान पेट में छूटा सर्जिकल तौलिया। 
प्रतीकात्मक तस्वीर

हरदोई। जिले में कथित चिकित्सीय लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पथरी के ऑपरेशन के दौरान पेट में सर्जिकल तौलिया छूट जाने से 46 वर्षीय महिला की पांच माह बाद मौत हो गई। आरोप है कि दोबारा सर्जरी कर तौलिया निकाला गया, लेकिन तब तक संक्रमण गंभीर रूप ले चुका था। घटना के बाद संबंधित नर्सिंग होम पर ‘मैरिज लान’ का बोर्ड लगा मिला और संचालक के फरार होने की चर्चा है। मामले ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों के अनुसार टड़ियावां क्षेत्र की निवासी जदुरानी का करीब पांच माह पूर्व सीतापुर रोड स्थित मुरलीपुरवा के एक निजी नर्सिंग होम में पथरी का ऑपरेशन कराया गया था। ऑपरेशन के बाद से ही महिला को लगातार पेट दर्द, सूजन और असहजता की शिकायत बनी रही। कई बार अस्पताल से संपर्क करने के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ।

आरोप है कि जब दर्द असहनीय हो गया तो परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले गए, जहां जांच के दौरान पेट के अंदर सर्जिकल तौलिया होने की जानकारी मिली। इसके बाद दोबारा ऑपरेशन कर तौलिया निकाला गया, लेकिन तब तक संक्रमण पूरे शरीर में फैल चुका था। लंबे उपचार के बावजूद महिला को बचाया नहीं जा सका।

मृतका के परिजनों ने इसे स्पष्ट चिकित्सीय लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पहली सर्जरी सही ढंग से की गई होती तो आज जदुरानी जीवित होतीं।घटना के बाद जब लोग संबंधित नर्सिंग होम पहुंचे तो वहां अस्पताल की जगह ‘मैरिज लान’ का बोर्ड लगा मिला। स्थानीय स्तर पर संचालक के फरार होने की चर्चा है।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने कहा कि उन्हें फिलहाल ऐसी किसी घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि लापरवाही पाई गई तो प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना निजी नर्सिंग होमों की कार्यप्रणाली, निगरानी व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

Also Read- Hardoi: श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाया गया होलिका दहन, पुलिस लाइन में भी पारंपरिक आयोजन।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow