Lucknow: योगी कैबिनेट का आगरा को बड़ा तोहफा, मेट्रो कॉरिडोर निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण का निर्णय।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जताया आभार
लखनऊ/आगरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कैबिनेट बैठक में आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के अंतर्गत मेट्रो कॉरिडोर-॥ (आगरा कैंट से कालिन्दी विहार) में मेट्रो स्टेशन एवं वायडक्ट सेक्शन के निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण के महत्वपूर्ण प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इस निर्णय पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं आगरा दक्षिण के विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे आगरा के नागरिकों के लिए बड़ी सौगात बताया।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि आगरा कैंट से कालिन्दी विहार तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, समय की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। योगी सरकार के नेतृत्व में आगरा को विश्वस्तरीय शहरी अवसंरचना से सुसज्जित करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। आगरा मेट्रो परियोजना न केवल शहर के यातायात को आधुनिक बनाएगी, बल्कि इससे पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
उल्लेखनीय है कि मौजा चक अव्वल, तहसील सदर, खसरा संख्या-618, नजूल भूखण्ड संख्या-1619 में स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर की पार्क के रूप में उपलब्ध 550 वर्गमीटर रिक्त भूमि को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को मेट्रो स्टेशन एवं वायडक्ट निर्माण हेतु हस्तांतरित किया जाएगा। यह भूमि सर्किल दर पर छूट प्रदान करते हुए, निर्धारित शर्तों एवं प्रतिबंधों के अधीन निःशुल्क आवंटित की जाएगी।
What's Your Reaction?




