Hardoi: झाड़ियों में पड़ी मिली नवजात बच्ची, हालत गंभीर होने पर रेफर
पुलिस और हेल्पलाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजात को रेस्क्यू किया और उसे कछौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
Hardoi News INA.
कछौना थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव में बुधवार सुबह नवजात बच्ची झाड़ियों में पड़ी मिली। जब एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी तो उसने चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर कॉल करके सूचना दी। जिसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक अनूप तिवारी ने पुलिस को इसके बारे में बताया. पुलिस और हेल्पलाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजात को रेस्क्यू किया और उसे कछौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला मुख्यालय के महिला अस्पताल के NICU में रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक अनूप तिवारी ने कहा कि बच्ची की हालत नाजुक है और उसे बेहतर इलाज मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अगर किसी को नवजात बच्चा छोड़ना हो, तो उसे झाड़ियों या कहीं और फेंकने के बजाय सरेंडर की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। बच्ची के ठीक होने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?











