कानपुर न्यूज़: मोतीझील को भूमिगत स्टेशनों से जोड़ने वाले रैंप एरिया में आरंभ हुआ ट्रैक का निर्माण।

Jun 25, 2024 - 20:37
 0  40
कानपुर न्यूज़: मोतीझील को भूमिगत स्टेशनों से जोड़ने वाले रैंप एरिया में आरंभ हुआ ट्रैक का निर्माण।
  • यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक  सुशील कुमार ने भूमिगत स्टेशनों का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा 

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी - नौबस्ता) के अंतर्गत प्रॉयोरिटी कॉरिडोर (आईआईटी - मोतीझील) को बृजेंद्र स्वरूप पार्क के पास भूमिगत सेक्शन से जोड़ने वाले रैंप एरिया में मेट्रो ट्रैक का निर्माण आरंभ कर दिया गया है।

अप्रैल माह में ही मैकरॉबर्टगंज स्थित इस रैंप एरिया में सीसामऊ नाले  के  ऊपर 45 मीटर लंबे स्टील स्पैन का परिनिर्माण किया गया था। अब कानपुर मेट्रो ने इस स्टील स्पैन समेत पूरे 600 मीटर के रैंप एरिया पर ट्रैक निर्माण का कार्य आरंभ कर दिया है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक  सुशील कुमार ने आज इस रैंप एरिया सहित शेष सेक्शन के भूमिगत स्टेशनों का दौरा किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

विदित हो कि चुन्नीगंज स्टेशन से नयागंज स्टेशन तक ’अप- लाइन’ पर ट्रैक निर्माण का कार्य पूरा करने के बाद अब इस कार्य को चुन्नीगंज स्टेशन से मैकरॉबर्टगंज स्थित रैंप एरिया की तरफ बढ़ा दिया गया है। रैम्प एरिया में ट्रैक निर्माण के लिए रेल (पटरियों) को बिछाने और उन्हें एफबीडब्लू (फ्लैश बट्ट वेल्ड) प्लांट से वेल्ड करने की प्रक्रिया आरंभ की जा चुकी है। इस एरिया में ट्रैक निर्माण पूरा होते ही ‘अप-लाइन‘ पर आईआईटी से नयागंज तक मेट्रो के लिए रास्ता तैयार हो जाएगा। 

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक  सुशील कुमार; निदेशक/वर्क्स एण्ड इंफ्रास्टक्चर,  सी.पी. सिंह और निदेशक/रोलिंग स्टॉक,  नवीन कुमार एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आज मैकरॉबर्टगंज स्थित रैंप एरिया से कानपुर सेंट्रल तक सभी निर्माणाधीन स्टेशनों का दौरा किया। अधिकारियों ने भूमिगत टनल के अंदर पैदल चलकर थर्ड रेल और मेट्रो ट्रैक के निर्माण कार्यों का भी मुआयना किया साथ ही कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

प्रबंध निदेशक  सुशील कुमार ने इस अवसर पर कहा कि, ‘‘कानपुर मेट्रो की टीम प्रशंसनीय गति से निर्माण कार्य में जुटी हुई है। हाल के दिनों में हमारी टीम ने नौबस्ता चौराहे पर दिल्ली- कोलकाता फ्लाईओवर के ऊपर एवं बृजेंद्र स्वरूप पार्क के पास सीसामऊ नाले के ऊपर स्टील स्पैन के परिनिर्माण के चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक कानपुर सेंट्रल से नयागंज के बीच दोनों टनल का निर्माण भी सुरक्षित रूप से पूरा कर यूपीएमआरसी की टीम ने अपनी प्रतिबद्धता प्रमाणित की है। निर्माण कार्यों को गति देने और समय की बचत के लिए हमारे इंजीनियरों की टीम टनल निर्माण के साथ ही स्टेशनों के निर्माण और सिस्टम इंस्टॉलेशन के कार्य को भी जारी रखे हुए है। भूमिगत स्टेशनों पर तकनीकी कक्षों के निर्माण एवं टनल वेंटिलेशन व एयर हेंडलिंग यूनिट (एएचयू) जैसी प्रणालियों को इंस्टॉल करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल और सहयोग से ट्रैक, ट्रैक्शन, सिग्नलिंग आदि से संबंधित कार्य समयपूर्वक किए जा रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि कानपुर मेट्रो के संपूर्ण कॉरिडोर-1 पर निर्माण कार्यों की यह गति जारी रहेगी और सिविल निर्माण कार्य समय से पूर्ण हो सकेंगे।”

वर्तमान में, लगभग 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के अंतर्गत कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाएं 9 किमी लंबे प्रॉयरिटी कॉरिडोर (आईआईटी-मोतीझील) पर चल रहीं हैं। चुन्नीगंज-नयागंज और कानपुर सेंट्रल-ट्रांसपोर्ट नगर भूमिगत सेक्शन के अलावा लगभग 5 किमी लंबे बारादेवी-नौबस्ता एलिवेटेड सेक्शन में भी निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा 8) का निर्माण कार्य भी आरंभ हो चुका है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।