Sitapur: पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण आयोजन के लिए कसी कमर

डीएम डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक, सुरक्षा से लेकर परीक्षार्थियों की सुविधाओं तक की विस्तृत समीक्षा

By INA News Desk
Jun 4, 2026 - 20:41
49 Views
Sitapur: पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण आयोजन के लिए कसी कमर
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण आयोजन के लिए कसी कमर

रिपोर्ट-  संदीप चौरसिया

सीतापुर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, परीक्षार्थियों की सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद सीतापुर में परीक्षा के लिए कुल 08 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा 08 जून, 09 जून एवं 10 जून 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में सम्पन्न कराई जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा प्रारम्भ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें तथा परीक्षा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद में आयोजित होने वाली यह महत्वपूर्ण परीक्षा पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराई जाएगी।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। संबंधित अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाए। परीक्षा अवधि के दौरान केन्द्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा परीक्षार्थियों की केन्द्रों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी, साइबर कैफे, स्कैनिंग एवं प्रिंटिंग से जुड़े प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। परीक्षा अवधि में निर्धारित परिधि के भीतर कोई भी फोटो कॉपी की दुकान संचालित न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्व से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को खुले में रुकने या सोने की आवश्यकता न पड़े। इसके लिए धर्मशालाओं, छात्रावासों, सामुदायिक भवनों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर आवश्यकतानुसार ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षार्थियों को पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केन्द्रों पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध रहे तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल तैयार रखा जाए। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा नगर निकाय एवं लोक निर्माण विभाग को साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें, ताकि परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा प्रत्येक स्तर पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, संबंधित उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Also Read- उत्तर प्रदेश सरकार का बड़ा प्रशासनिक निर्णय, पूरे राज्य में अगले छह महीनों के लिए सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल पर लगी पूरी तरह रोक।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow