Atrauli Hardoi Egg Factory Controversy: अतरौली में एफआईआर के बाद भी जारी है अंडा फैक्ट्री के खिलाफ प्रदर्शन, राष्ट्रीय विकास मंच डटा
अतरौली हरदोई के पिपरी नारायणपुर में अंडा फैक्ट्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। पुलिस की ओर से चार केस दर्ज किए जाने के बाद भी आंदोलनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी
अतरौली में एफआईआर के बाद भी थम नहीं रहा विरोध, अंडा फैक्ट्री के खिलाफ डटे आंदोलनकारी
हरदोई जिले के अतरौली क्षेत्र में पिपरी नारायणपुर गांव में प्रस्तावित अंडा फैक्ट्री के खिलाफ चल रहा विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस द्वारा चार अलग-अलग मामले दर्ज करने और कई लोगों को नामजद किए जाने के बावजूद राष्ट्रीय विकास मंच के नेतृत्व में लोगों का धरना जारी रहा। आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह विरोध खत्म नहीं होगा।
राष्ट्रीय विकास मंच के अध्यक्ष विकास रावत ने प्रदर्शन स्थल पर अपनी बात रखते हुए कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई या केस दर्ज करने से स्थानीय लोगों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। क्षेत्रीय नागरिकों के अधिकारों और हितों की सुरक्षा के लिए यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक न्याय नहीं मिल जाता।
दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन का कहना है कि निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर के बाहर बिना किसी आधिकारिक अनुमति के लंबे समय से जमावड़ा लगाया जा रहा था। जब पुलिस टीम वहां धरना खत्म कराने पहुंची, तो कुछ लोगों ने सरकारी काम में रुकावट डाली और अभद्र व्यवहार किया। इसी आधार पर पुलिस की ओर से चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें चौबीस लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
दर्ज मामलों में उपनिरीक्षकों की शिकायत पर किसान नेता रफीक उर्फ लंबू सहित कई अन्य लोगों को नामजद किया गया है। इसके साथ ही ग्राम प्रधान आलोक अर्कवंशी और उनके साथियों पर भी सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। वहीं दूसरी ओर फैक्ट्री के कर्मचारी की ओर से मिली शिकायत के आधार पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धमकी देने का मामला भी दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी शिवाकांत पाण्डेय ने बताया कि मिली शिकायतों के आधार पर ही नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इस पूरे मामले में बिना किसी पक्षपात के जांच की जा रही है और जांच से सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Also Click : Meerut: कांवड़ियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कवच: 6 प्रमुख मार्गों पर 18 बाइक एंबुलेंस तैनात
What's Your Reaction?



