Sambhal: नगर पालिका का दर्जा घटने पर आज़ाद समाज पार्टी का हमला, जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई रोकने की उठाई मांग

नगरपालिका परिषद सम्भल का प्रथम श्रेणी का दर्जा समाप्त होने के मुद्दे पर आज़ाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शहजाद खान ने नगर

Jul 16, 2026 - 16:24
92 Views
Sambhal: नगर पालिका का दर्जा घटने पर आज़ाद समाज पार्टी का हमला, जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई रोकने की उठाई मांग
शहजाद खां, जिलाध्यक्ष आजाद समाज पार्टी

उवैस दानिश, सम्भल

नगरपालिका परिषद सम्भल का प्रथम श्रेणी का दर्जा समाप्त होने के मुद्दे पर आज़ाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शहजाद खान ने नगर पालिका प्रशासन और चेयरमैन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास की उम्मीद में चेयरमैन चुना था, लेकिन कार्यकाल में ऐसा कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ जिससे नगरपालिका आगे बढ़ती। उनका आरोप है कि विकास कार्यों की कमी के कारण ही नगरपालिका का प्रथम श्रेणी का दर्जा समाप्त हुआ, जिससे अब विकास योजनाओं के लिए मिलने वाली सरकारी सहायता भी प्रभावित होगी। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा बताते हुए चेयरमैन के कार्यकाल को पूरी तरह विफल करार दिया।

वहीं रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर चल रही कार्रवाई पर भी शहजाद खान ने सरकार और प्रशासन से पुनर्विचार की अपील की। उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि पूरे मुरादाबाद मंडल के छात्रों के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। उनका कहना था कि यदि भवनों में कोई तकनीकी या कानूनी कमी है तो उसका समाधान निकाला जाना चाहिए, लेकिन शिक्षा के संस्थान को ध्वस्त करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से ऐसा रास्ता निकालने की मांग की जिससे छात्रों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित न हो। यूनिवर्सिटी परिसर की 3.5 किलोमीटर सड़क को पीडब्ल्यूडी द्वारा सरकारी सड़क घोषित किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि सड़क सरकारी भूमि पर बनी थी तो निर्माण के समय विभाग ने कार्रवाई क्यों नहीं की। शहजाद खान ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाइयों से शिक्षा संस्थानों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता से काम करना चाहिए तथा विवादों का समाधान कानूनी प्रक्रिया के जरिए निकालना चाहिए।

Also Read- मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का पलड़ा भारी, संख्या बल के सामने विपक्ष पस्त

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow