Badaun : बदायूं में अभाविप ब्रज प्रांत का 66वां अधिवेशन, शोभायात्रा और खुला मंच से गूंजे राष्ट्रवाद के नारे
राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवा शक्ति को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अगले 25 वर्ष अमृत काल हैं, जिसमें
बदायूं शहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ब्रज प्रांत के 66वें प्रांत अधिवेशन के दूसरे दिन छात्र शक्ति से पूरी तरह रंग गया। दो महत्वपूर्ण सत्रों के बाद परिषद ने भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें राष्ट्रवाद और छात्र एकता का संदेश पूरे शहर में फैला। यात्रा का शुभारंभ हरप्रसाद मंदिर से हुआ। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के साथ कार्यकर्ता मुख्य मार्गों से गुजरे। जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह से स्वागत किया। यात्रा का समापन इंद्रा चौक पर हुआ, जहां 'खुला अधिवेशन' का आयोजन किया गया। इस मंच से प्रांत भर के छात्र नेताओं ने समसामयिक मुद्दों पर विचार रखे।
राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवा शक्ति को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अगले 25 वर्ष अमृत काल हैं, जिसमें युवाओं की नई सोच, तकनीक और ऊर्जा देश की दिशा तय करेगी। प्रदेश मंत्री आनंद कठेरिया ने शिक्षा के मौजूदा हालात पर बात की। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित न रहे, बल्कि कौशल विकास और चरित्र निर्माण से जुड़ी हो।
प्रांत सह मंत्री पायल गिहार ने महिला सशक्तिकरण पर ओज भरा भाषण दिया। उन्होंने कहा कि आज की नारी अबला नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा है। आरएसएस के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने 16 जिलों से आए युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं की निर्णायक भूमिका बताई और सामाजिक पुनरुत्थान के लिए प्रेरित किया।
शोभायात्रा का कई जगहों पर भव्य स्वागत हुआ। कार्तिकेय चौक पर पूर्व कार्यकर्ताओं ने, टिकटगंज चौराहे पर भाजपा नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने, गोपी चौक पर पंकज शर्मा ने, लाबेला चौक पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने, लौटनपुरा पर भाजपा नेता मनोज मसीह ने, एसके कॉलेज पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य और आशीष शाक्य ने, जिला सहकारी बैंक पर चेयरमैन जेके सक्सेना ने तथा इंद्रा चौक पर वागीश पाठक ने फूलों से स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख जगदीश, विभाग कार्यवाह जगजीवन राम, विश्वजीत गुप्ता, भाजपा नेत्री रजनी मिश्रा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज नीखरा, क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री विपिन गुप्ता, भूपेंद्र सिंह, निवर्तमान प्रांत संगठन मंत्री अंशुल श्रीवास्तव, प्रांत संगठन मंत्री अनुज ठाकुर, निवर्तमान प्रांत मंत्री अंकित पटेल, विभाग प्रमुख सत्यम मिश्रा, जिला प्रमुख विजयपाल सोलंकी और अन्य पदाधिकारी सहित 16 जिलों से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Click : Lucknow : CM योगी ने 'पुलिस मंथन-2025' के समापन पर 16 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया
What's Your Reaction?