Baitul : मलकापुर रोड पर नगर पालिका कर्मचारी की हत्या, दो अपचारी बालकों ने मां को गाली देने पर दिया अंजाम
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा ने घटनास्थल का मुआयना किया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट औ
Report : शशांक सोनकपुरिया, बैतूल- मध्यप्रदेश
बैतूल : मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मलकापुर रोड पर 19 सितंबर को मिले युवक के शव की पहचान नगर पालिका कर्मचारी दीपक पवार (22 वर्ष) के रूप में हुई। गंज थाना पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। तीसरा आरोपी फरार है। आरोपी मृतक के रिश्तेदार हैं।
घटना 17 सितंबर की है। दीपक पवार नगर पालिका की कचरा गाड़ी में हेल्पर के रूप में काम करते थे। उनकी मां निर्मला पवार ने गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा दो दिनों से घर नहीं लौटा। उसी दिन हमलापुर से मलकापुर जाने वाले रास्ते पर खेत के किनारे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल ने स्टाफ के साथ घटनास्थल पहुंचकर जगह को सुरक्षित किया। शव पर सिर, गर्दन, छाती और हाथ पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले, जिससे हत्या का मामला सामने आया। फोटो दिखाने पर निर्मला पवार ने शव को अपने बेटे दीपक के रूप में पहचान लिया।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा ने घटनास्थल का मुआयना किया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य इकट्ठा किए गए। थाना गंज में अपराध क्रमांक 383/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ।
22 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बाजपुर रोड पर घेराबंदी कर दो अपचारी बालकों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने बताया कि नशे की हालत में दीपक पवार ने उनकी मां के लिए गाली दी थी। गुस्से में उन्होंने चाकू से उसकी हत्या कर शव को खेत के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और दीपक की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों अपचारी बालकों को किशोर न्यायालय बैतूल में पेश किया गया। तीसरे अपचारी बालक की तलाश जारी है।
Also Click : नशे में कोबरा से करतब दिखाते युवक की सर्पदंश से मौत, वीडियो बनाते समय दो बार डसा; परिवार सदमे में
What's Your Reaction?











