बलिया में 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, भड़कीं विधायक ने अफसर की बांह पकड़कर खींचा
बलिया के बांसडीह में खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। विधायक केतकी सिंह ने बिजली अधिकारी की क्लास लगाई।
Report- Syed Asif Hussain Zaidi
बलिया जिले के बांसडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुरवा गांव में एक अत्यंत दुखद और दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता और पुत्र दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया और बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय गांव निवासी जनार्दन यादव और उनका बेटा राजेश खेत में काम करने गए थे। खेत में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार पहले से टूटकर गिरा पड़ा था और पानी भरा होने के कारण पूरे खेत में करंट फैल गया था। सबसे पहले राजेश करंट की चपेट में आ गया। बेटे को तड़पता देख पिता जनार्दन यादव उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी तेज करंट की ज़द में आ गए। दुर्भाग्य से दोनों की मौके पर ही जान चली गई। परिवार में अब केवल एक बेटी बची है, क्योंकि मां का निधन पहले ही हो चुका है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह तत्काल मौके पर पहुंचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल देखकर वह काफी व्यथित हो गईं और उन्होंने पीड़िता बेटी को गले लगाकर सांत्वना दी। बिजली विभाग की घोर लापरवाही पर विधायक का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता पंकज भारती की बांह पकड़कर उन्हें घसीटते हुए घटनास्थल तक पहुंचाया और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जर्जर तारों को नहीं बदला गया, जिसके कारण यह भयानक हादसा हुआ। मामले पर बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रदीप वर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है।
What's Your Reaction?




