Bhadohi : कालीन कंपनी के डाइंग प्लांट में जहरीली गैस लीक, तीन मैकेनिकों की मौत, एक गंभीर
मृतकों में दयालापुर निवासी शितला मिश्र (55 वर्ष), सहसेपुर निवासी शिवम दुबे (32 वर्ष) और मध्य प्रदेश निवासी राजकिशोर तिवारी (52 वर्ष) शामिल हैं। सभी इलेक्ट्रिशियन
भदोही : औराई क्षेत्र के उगापुर में स्थित एक निजी कालीन कंपनी के डाइंग प्लांट में सोमवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया जब वाटर टैंक की सफाई और मोटर पंप सुधारने के दौरान जहरीली गैस रिसाव हो गया। गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारी बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल निकालकर निजी ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। एक कर्मचारी का इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मृतकों में दयालापुर निवासी शितला मिश्र (55 वर्ष), सहसेपुर निवासी शिवम दुबे (32 वर्ष) और मध्य प्रदेश निवासी राजकिशोर तिवारी (52 वर्ष) शामिल हैं। सभी इलेक्ट्रिशियन व मोटर मैकेनिक के रूप में कार्यरत थे। हादसा तब हुआ जब एक कर्मचारी टैंक में गिर गया और उसे बचाने के लिए तीन अन्य कर्मचारी भी अंदर उतर गए। इसी दौरान जहरीली गैस का रिसाव हुआ और चारों बेहोश हो गए।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शैलेश कुमार, अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने बचाव कार्य और घायल की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने घटना को दुखद बताते हुए श्रम विभाग को पूरे मामले की गहन जाँच सौंपी है। गैस लीकेज के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।
What's Your Reaction?











