हरदोई. मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने शुक्रवार को विकासखंड बावन के विभिन्न स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ-साथ विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति एवं शैक्षिक स्तर पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कई अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
- मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट स्कूल मानपुर में खराब ईंटें व लोकल रेत मिलने पर सख्ती
1821.79 लाख रुपये की लागत से बन रहे मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय मानपुर का निरीक्षन करने पर प्लिंथ स्तर पर कार्य चल रहा था। सीडीओ ने कार्यस्थल पर खराब ईंटें एवं लोकल रेत पाई। मौके पर ही खराब ईंटें हटवाई गईं और लोकल रेत तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण सामग्री के सैंपल लैब भेजे गए। कार्यदायी संस्था सीएण्डडीएस के अवर अभियंता हिमांशु सक्सेना को गुणवत्ता युक्त एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने की चेतावनी दी गई।
- प्राथमिक विद्यालय मानपुर में केवल 50% बच्चों की उपस्थिति, शिक्षकों का नवम्बर वेतन रोका
प्राथमिक विद्यालय मानपुर के निरीक्षण में हैंडवॉश यूनिट में टोंटी न लगी होना, शौचालय में रनिंग वाटर की व्यवस्था न होना, एमडीएम मीनू के अनुरूप भोजन न बनना और मात्र 51 बच्चे (97 में से) उपस्थित मिलना पाया गया। कक्षा-कक्ष में ग्रीन बोर्ड भी अनुपस्थित थे।
सीडीओ ने कक्षा 4 के बच्चों से हिंदी पढ़वाई, बच्चे ठीक से नहीं पढ़ पाए। नाराजगी जताते हुए इंचार्ज प्रधानाध्यापक अभिनव सिंह को आरोप-पत्र जारी करने एवं कार्य पूर्ण होने तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही समस्त शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नवम्बर 2025 का वेतन बाधित करने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए।
- आंगनवाड़ी केंद्र भिठारी में 50% उपस्थिति, पंखा खराब मिला
मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र भिठारी में 20 पंजीकृत बच्चों में से केवल 10 उपस्थित मिले। कार्यकत्री को उपस्थिति बढ़ाने तथा ग्राम पंचायत सचिव को खराब पंखा तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।ग्राम पंचायत सचिवालय मानपुर में आयुष्मान कार्ड-फैमिली आईडी की प्रगति खराब, पंचायत सहायक को नोटिसपंचायत सहायक रचना भास्कर से आयुष्मान कार्ड, फैमिली आईडी एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति जानी गई। प्रगति अत्यंत खराब पाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
- अस्थायी गौ-आश्रय स्थल मानपुर की व्यवस्था संतोषजनक
गौ-आश्रय स्थल पर भूसा, दाना, हरा चारा उपलब्ध था तथा सर्दी से बचाव हेतु तिरपाल लगाया गया था। 85 गोवंश संरक्षित थे, व्यवस्था प्रथम दृष्टया संतोषजनक पाई गई।निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, सहायक अभियंता (ग्रामीण अभियंत्रण विभाग) राहुल यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को चेतावनी दी कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयसीमा का पूर्ण पालन न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।