यूपी पुलिस में 15 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीएम योगी ने मंच पर सौंपे नियुक्ति पत्र, देश-प्रदेश का गौरव बढ़ाने पर सराहा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 15 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मंच पर यूपी पुलिस का नियुक्ति पत्र सौंपा। मुक्केबाजी, निशानेबाजी और हॉकी के सितारे बने पुलिस का हिस्सा।

By INA News Desk
Oct 9, 2026 - 07:52
6 Views
यूपी पुलिस में 15 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीएम योगी ने मंच पर सौंपे नियुक्ति पत्र, देश-प्रदेश का गौरव बढ़ाने पर सराहा

उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को सम्मान दिलाने के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 खिलाड़ियों को मंच पर बुलाकर पुलिस सेवा के औपचारिक नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों के अलावा उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और दिल्ली के प्रमुख खिलाड़ी भी शामिल हैं।

मंच पर नियुक्ति पत्र पाने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में कुशीनगर की मुक्केबाज आइस प्रजापति, मेरठ के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज शार्दूल विहान, लखनऊ के हॉकी खिलाड़ी आमिर अली, उधम सिंह नगर उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ी हिमांशु तिवारी, मुरादाबाद के निशानेबाज मोहित पाल, गाजीपुर की वॉलीबॉल खिलाड़ी अनन्या राय, जबलपुर मध्य प्रदेश की तीरंदाज रागिनी मार्को, भदोही की एथलीट तान्या चौधरी, बरेली की भारोत्तोलक सुहानी राजपूत, लखनऊ की साइकिलिस्ट तनु भारती, दिल्ली के कराटे खिलाड़ी प्रणय शर्मा, वाराणसी के मुक्केबाज अभिषेक यादव, मुजफ्फरनगर के कबड्डी खिलाड़ी अमरेश, गोरखपुर की हॉकी खिलाड़ी प्रतिमा सरोज और लखनऊ के मुक्केबाज अभय सिंह राठौर शामिल हैं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नवनियुक्त खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल के मैदान में अपनी चमक बिखेरने के बाद अब उन्हें खाकी वर्दी के जरिए जनसेवा का बड़ा अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में आने के बाद भी खिलाड़ियों की खेल यात्रा थमेगी नहीं, बल्कि उनके पास सेवा के साथ-साथ मैदान पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के बेहतरीन अवसर मौजूद रहेंगे। बेहतर कानून व्यवस्था के दौर में प्रतिभाशाली युवाओं का पुलिस बल में जुड़ना संगठन की ताकत को और बढ़ाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि राज्य में खिलाड़ियों के लिए एक नया और अनुकूल परिवेश तैयार किया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को न केवल सीधी भर्ती के माध्यम से उच्च पदों पर अवसर दिए जा रहे हैं, बल्कि पुरस्कार राशि में भी भारी बढ़ोतरी की गई है। पुलिस उपाधीक्षक और जिला पंचायत राज अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर खिलाड़ियों की नियुक्ति कर सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रतिभा का सम्मान सर्वोपरि है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया के तहत कुल 470 उत्कृष्ट खिलाड़ी उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बने हैं, जिनमें 427 आरक्षी और 43 उपनिरीक्षक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक 950 कुशल खिलाड़ियों की भर्ती की जा चुकी है, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सैकड़ों कार्मिकों को समय से पहले पदोन्नति का लाभ दिया गया है। पुलिस विभाग के खिलाड़ियों ने बीते एक दशक में विभिन्न प्रतियोगिताओं में 1100 से अधिक पदक जीतकर विभाग का मान बढ़ाया है और ये खिलाड़ी अब उत्तर प्रदेश पुलिस के वैश्विक दूत के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow