CM योगी ने किया आम महोत्सव-2026 का शुभारंभ, 800+ आम की वैरायटी प्रदर्शित, हरदोई के 150 किसानों ने लिया हिस्सा
उत्तर प्रदेश की बागवानी और कृषि निर्यात को नई पहचान दिलाने की दिशा में शुक्रवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की बागवानी और कृषि निर्यात को नई पहचान दिलाने की दिशा में शुक्रवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में तीन दिवसीय आम महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम में उद्यान, कृषि विपणन, कृषि निर्यात एवं कृषि विदेश व्यापार मंत्री दिनेश प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में प्रदेशभर से आए हजारों किसान, बागवान, कृषि वैज्ञानिक, निर्यातक, उद्यमी और आम उत्पादक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य है और यहां की दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अम्रपाली जैसी प्रजातियां दुनिया भर में अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर विपणन व्यवस्था और निर्यात के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को सीधे खरीदारों और निर्यातकों से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं।
हरदोई के 150 किसानों ने बढ़ाया जिले का गौरव
आम महोत्सव में जनपद हरदोई की भागीदारी उल्लेखनीय रही। जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र एवं सहायक उद्यान निरीक्षक अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जिले के 150 किसानों ने महोत्सव में सहभागिता की। किसानों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ-साथ आधुनिक बागवानी तकनीकों, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग तथा कृषि निर्यात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
800 से अधिक आम की वैरायटी बनी आकर्षण का केंद्र
महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता प्रदेशभर से लाई गई 800 से अधिक आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी रही। दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अम्रपाली, मल्लिका सहित कई दुर्लभ एवं उन्नत किस्मों ने आगंतुकों का मन मोह लिया। आम की गुणवत्ता, स्वाद, आकार और रंग के आधार पर प्रदर्शनी में विशेष आकर्षण देखने को मिला। इसके साथ ही आम से बने विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पादों तथा आधुनिक उद्यान तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया।
किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार और निर्यात का अवसर
तीन दिवसीय महोत्सव में बायर-सेलर मीट, तकनीकी संगोष्ठियां, कृषि विशेषज्ञों के व्याख्यान, उद्यान विभाग की प्रदर्शनी तथा निर्यातकों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे किसानों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार, बेहतर मूल्य और निर्यात के अवसर प्राप्त होंगे।
जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी आय बढ़ाने और उत्तर प्रदेश के आम को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हरदोई के किसानों की सक्रिय भागीदारी जिले की बागवानी क्षमता और गुणवत्ता का परिचायक है।
03 से 05 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस महोत्सव से प्रदेश के आम उत्पादकों को नई संभावनाएं मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आयोजन किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को वैश्विक आम निर्यात के क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाएंगे।
What's Your Reaction?




