Sambhal: 18 जुलाई को सम्भल आएंगे सीएम योगी, ₹550 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात, प्रशासन अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को सम्भल जिले के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री बहजोई स्थित निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड
उवैस दानिश, सम्भल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को सम्भल जिले के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री बहजोई स्थित निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड जिला मुख्यालय परिसर में करीब 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभा स्थल, हेलीपैड, वीआईपी मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बहजोई स्थित सभा स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले में लगभग एक घंटे तक रहेंगे। इस दौरान वह विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे और सरकार की विकास योजनाओं का संदेश जनता तक पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी से तैयारियों में जुटा है। जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, जबकि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल है।
What's Your Reaction?




