Mussoorie: 32 साल से आबादी नियंत्रण की अलख जगा रहा दंपती, बोले- प्रधानमंत्री से मिलने का इंतजार आज भी जारी

मसूरी की माल रोड पर उल्टा चलकर किया जनजागरण, कहा- सिर्फ मुख्यमंत्री धामी ने दिया था मिलने का समय

Jun 13, 2026 - 16:35
28 Views
Mussoorie: 32 साल से आबादी नियंत्रण की अलख जगा रहा दंपती, बोले- प्रधानमंत्री से मिलने का इंतजार आज भी जारी

रिपोर्टर सुनील सोनकर 

देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर पिछले 32 वर्षों से अनोखा अभियान चला रहे मेरठ निवासी दिनेश तलवार और उनकी पत्नी दिशा तलवार ने शनिवार को मसूरी में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। दोनों ने लाइब्रेरी चौक से माल रोड तक उल्टा चलकर जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उनके साथ पुत्र यश तलवार भी अभियान में शामिल रहे।

55 वर्षीय दिनेश तलवार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1994 में जनसंख्या नियंत्रण के समर्थन में जनजागरण अभियान शुरू किया था। समय के साथ उनकी पत्नी और बच्चे भी इस मिशन से जुड़ गए। उनका दावा है कि वे अब तक देश के करीब 400 शहरों में पदयात्राएं और जागरूकता अभियान चला चुके हैं।

तलवार दंपती ने कहा कि वे पिछले 32 वर्षों से देश के प्रधानमंत्रियों और राष्ट्रीय नेताओं से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन अब तक किसी प्रधानमंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें मिलने का समय दिया था और उनके अभियान की सराहना भी की थी।

माल रोड पर लोगों को संबोधित करते हुए दिनेश तलवार ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल और पर्यावरण जैसी समस्याओं को और गंभीर बना रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी नीति नहीं बनाई गई तो भविष्य में संसाधनों पर दबाव और बढ़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अभियान किसी धर्म, जाति या राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ नहीं है, बल्कि देश के संसाधनों और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने लोगों से जनसंख्या नियंत्रण के समर्थन में जागरूकता बढ़ाने और सरकार से ठोस नीति बनाने की मांग करने की अपील की।तलवार दंपती ने बताया कि उनका वर्तमान अभियान 11 जुलाई, विश्व जनसंख्या दिवस तक जारी रहेगा। इस दौरान वे विभिन्न शहरों में जनसंपर्क और पदयात्राएं करेंगे।

Also Read- Bazpur: कम तेल और पौष्टिक चीजों को अपने सुबह के नाश्ते में शामिल करें

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow