देवबंद में आज़ाद समाज पार्टी का संगठन विस्तार, तीन नए बूथ अध्यक्षों को मिली ज़िम्मेदारी
देवबंद में आज़ाद समाज पार्टी ने संगठन का विस्तार करते हुए तीन नए बूथ अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ज़मीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की तैयारी।
देवबंद। आज़ाद समाज पार्टी ने स्थानीय स्तर पर संगठन को और अधिक धार देने के लिए चुनावी तैयारियों के तहत बूथ समितियों का गठन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी ने नगर के वार्ड संख्या-13 के मोहल्ला खानकाह निवासी तीन युवाओं को अलग-अलग बूथों की कमान सौंपी है।
वक्फ दारूल उलूम रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित एक सादे लेकिन महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष अजमल खान ने नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मौ. आसिफ को बूथ संख्या-255, मौ. अबुबकर को बूथ संख्या-256 और मौ. अदील को बूथ संख्या-257 का बूथ अध्यक्ष मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
नवनियुक्त अध्यक्षों को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष अजमल खान ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य डॉक्टर भीमराव आंबेडकर और कांशीराम की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना है, साथ ही समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देना है।
पार्टी के ज़िला उपाध्यक्ष डॉ. असलम अली ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके सक्रिय कार्यकर्ता और मजबूत बूथ समितियां होती हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार होने से पार्टी की नीतियों को आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता, अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया।
ज़िम्मेदारी मिलने के बाद नवनियुक्त बूथ अध्यक्षों ने पार्टी नेतृत्व और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और अपने-अपने बूथों पर सक्रिय टीम तैयार कर संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष अबरार कुरैशी, नगर सचिव सुहैल कुरैशी और डॉ. नाज़िश उवैस सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?