देवबंद में अतिक्रमण पर चला पालिका का डंडा, कार्रवाई के बाद दोबारा दुकानें लगाने वालों पर होगी सख्ती

देवबंद के खानकाह और दारुल उलूम क्षेत्र में नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान। सामान जब्त होने के बाद भी दुकानें सजाने वालों पर जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी।

By INA News Desk
Oct 9, 2026 - 07:32
5 Views
देवबंद में अतिक्रमण पर चला पालिका का डंडा, कार्रवाई के बाद दोबारा दुकानें लगाने वालों पर होगी सख्ती

सहारनपुर जनपद के देवबंद में सड़क पर लगने वाले अवैध कब्जों और जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मोहल्ला खानकाह और दारुल उलूम क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। स्थानीय नागरिकों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन ने यह सघन अभियान शुरू किया है, जिसके तहत सार्वजनिक रास्तों को खाली कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान पालिका कर्मियों और पुलिस बल को देखते ही कई ठेला संचालक और अवैध विक्रेता अपना सामान समेटकर इधर-उधर भागते दिखाई दिए। टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कई विक्रेताओं के ठेले और सामान को मौके से जब्त भी कर लिया। हालांकि प्रशासनिक टीम के आगे बढ़ते ही कुछ विक्रेता दोबारा सड़कों पर सामान सजाने लगे। रशीदिया मस्जिद के आसपास टीम के रवाना होते ही फिर से पुरानी स्थिति बनती देखी गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बार-बार नियमों की अनदेखी करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। अतिक्रमण प्रभारी विकास चौधरी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों पर बाधा उत्पन्न करने और टीम के हटने के बाद दोबारा दुकानें लगाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी और भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा, ताकि सड़कों पर यातायात सुचारू बना रहे और आम नागरिकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow