Deoband News: घर-घर पहुंचकर फैमिली आईडी बना रही नगरपालिका की टीमें, 30 नवंबर तक बनवाने की अपील
उत्तर प्रदेश सरकार के एक परिवार, एक पहचान कार्यक्रम के तहत देवबंद नगरपालिका की टीमें नगर के मोहल्लों में घर-घर
देवबंद। उत्तर प्रदेश सरकार के एक परिवार, एक पहचान कार्यक्रम के तहत देवबंद नगरपालिका की टीमें नगर के मोहल्लों में घर-घर पहुंचकर फैमिली आईडी बनाने का कार्य कर रही हैं। इस अभियान के तहत ऐसे परिवारों की फैमिली आईडी बनाई जा रही है, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है या परिवार के किसी सदस्य का नाम राशन कार्ड से कट गया है।
नगरपालिका अधिशासी अधिकारी राजपति बैस ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से फैमिली आईडी बनाने का कार्य किया जा रहा है। नगरपालिका की ओर से इसके लिए सात टीमें गठित की गई हैं, जो नगर के विभिन्न मोहल्लों में डोर-टू-डोर पहुंचकर लोगों को जागरूक करने के साथ फैमिली आईडी बनाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि फैमिली आईडी में परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज होता है और इसे बनवाने की प्रक्रिया बेहद आसान है। जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, वे फैमिली आईडी बनवा सकते हैं। वहीं, राशन कार्ड से किसी सदस्य का नाम कट जाने की स्थिति में भी फैमिली आईडी बनवाई जा सकती है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि फैमिली आईडी भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में उपयोगी होगी। राशन कार्ड के स्थान पर फैमिली आईडी का इस्तेमाल भी किया जा सकेगा। इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी कार्यों में भी फैमिली आईडी उपयोगी होगी। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि जिन परिवारों की फैमिली आईडी अभी तक नहीं बनी है, वे 30 नवंबर तक इसे बनवाने के लिए नगरपालिका की टीमों से संपर्क कर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।
What's Your Reaction?

