देवबंद नगर पालिका में तीन सफाई कर्मियों को दी विदाई, 3-3 लाख रुपये के चेक सौंपे
देवबंद नगर पालिका परिषद में सेवानिवृत्त हुए तीन सफाई कर्मचारियों को सम्मानित कर विदाई दी गई। इस अवसर पर प्रत्येक कर्मचारी को 3-3 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
सहारनपुर जनपद के देवबंद नगर पालिका परिषद परिसर में एक सादे समारोह का आयोजन कर सेवानिवृत्त हुए तीन सफाई कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान संस्थान की ओर से तीनों कर्मचारियों को उनकी लंबी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया और प्रत्येक को तीन-तीन लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। उपस्थित अधिकारियों और सहयोगियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की।
सेवानिवृत्त होने वालों में सफाई नायक देवेंद्र के साथ दो अन्य सफाई कर्मी शामिल रहे। नगर पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों का योगदान सर्वोपरि रहता है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद परिवार के साथ स्वस्थ और सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं। अधिशासी अधिकारी राजपति बैस ने कर्मियों को परामर्श दिया कि सेवा समाप्ति पर मिली यह एकमुश्त राशि उनकी जीवनभर की मेहनत की कमाई है, इसलिए इसका सदुपयोग परिवार के कल्याण और सुरक्षित भविष्य के लिए करें। इसके साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों के अन्य शेष वित्तीय देयों का भुगतान भी शीघ्र ही सीधे उनके बैंक खातों में कर दिया जाएगा।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष सुनील और महामंत्री अविनाश वाल्मीकि ने यूनियन की ओर से सफाई नायक देवेंद्र को 34 वर्षों की निरंतर सेवा के उपलक्ष्य में जीवन सम्मान पत्र भेंट किया। पालिका अध्यक्ष ने उन्हें पगड़ी पहनाई, जबकि अधिशासी अधिकारी व सभासदों ने शॉल ओढ़ाकर आत्मीय सम्मान दिया। समारोह में सफाई लिपिक बिरला सूद, अजय गांधी, राजन छाबड़ा, श्याम चौहान, वाजिद, राहुल वाल्मीकि, एसआई पोपिन कुमार, शंकरपाल, रईस तथा मोबिन सहित कई अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

