देवबंद में हथियारबंद गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार, दो अवैध तमंचे और कारतूस के साथ बाइकें बरामद

सहारनपुर के देवबंद में पुलिस चेकिंग के दौरान चार शातिर अभियुक्त गिरफ्तार। आरोपियों से दो अवैध तमंचे, 13 जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद।

By INA News Desk
Oct 9, 2026 - 07:35
5 Views
देवबंद में हथियारबंद गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार, दो अवैध तमंचे और कारतूस के साथ बाइकें बरामद

जनपद के देवबंद क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस को अहम कामयाबी हाथ लगी है। संदिग्ध वाहनों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के दौरान पुलिस टीम ने अवैध असलहों के साथ चार शातिर आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, तेरह कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशानिर्देशन में जनपद भर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए गश्त व चेकिंग का क्रम लगातार जारी है। इसी क्रम में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व वाली पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान क्षेत्र से चार संदिग्धों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।

तलाशी लेने पर पकड़े गए व्यक्तियों के पास से एक 315 बोर का तमंचा व तीन जिंदा कारतूस तथा एक 12 बोर का तमंचा और दस जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके साथ ही मौके से बिना उचित प्रपत्र वाली दो मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली गईं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी आकाश गुर्जर, सहारनपुर के गागलहेड़ी निवासी गौरव पाल और प्रियांशु पाल तथा नागल क्षेत्र के ग्राम कोटा निवासी सोनू के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद हथियारों और वाहनों को कब्जे में लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए सभी को अदालत में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धनवीर सिंह, सौरभ राठौर, अरुण कुमार सहित मुख्य आरक्षी शिवकुमार, योगेश कुमार, सन्दीप कुमार, विकास कुमार और आरक्षी आकाश पाल शामिल रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow