देवबंद में बिजलीघर के उपकरण में खराबी से 30 घंटे बाधित रही आपूर्ति, उमस भरी गर्मी में लोग रहे बेहाल

देवबंद के सांपला मार्ग बिजलीघर में तकनीकी खराबी से 30 घंटे तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। बार-बार ट्रिपिंग से लोग और कारोबारी परेशान रहे।

By INA News Desk
Aug 31, 2026 - 08:21
23 Views
देवबंद में बिजलीघर के उपकरण में खराबी से 30 घंटे बाधित रही आपूर्ति, उमस भरी गर्मी में लोग रहे बेहाल

देवबंद। सांपला मार्ग स्थित मुख्य बिजलीघर में आए गंभीर तकनीकी व्यवधान के कारण पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति लगभग 30 घंटे तक बुरी तरह प्रभावित रही। बिजली उपकरणों में खराबी और धमाके के चलते कई उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली की आवाजाही लगातार बनी रही। शहर के विभिन्न हिस्सों में हर कुछ मिनटों के अंतराल पर हो रही ट्रिपिंग से भीषण उमस और गर्मी के बीच आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया।

बिजलीघर में तकनीकी खराबी आने के बाद शहर के कई प्रमुख मोहल्लों में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई। दिनभर बार-बार कट लगने का यह सिलसिला रात में भी जारी रहा, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस अघोषित कटौती का सीधा असर जहां घरेलू कामकाज और पानी की आपूर्ति पर पड़ा, वहीं बाजार में दुकानदारों और छोटे उद्योग-धंधों का कामकाज भी ठप रहा।

स्थानीय निवासियों के अनुसार लगातार हो रही ट्रिपिंग से बिजली के उपकरण खराब होने का खतरा भी बना रहा। मामले को लेकर अधिशासी अभियंता अंकित वशिष्ठ ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र में आई तकनीकी खामी को ठीक करने के लिए विभागीय टीम ने लगातार काम किया है। मुख्य खराबी को दूर कर अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है और जहां भी हल्की समस्या बची है, वहां भी स्थिति को जल्द सामान्य किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow