Hardoi: जिला उद्यान अधिकारी की किसानों से अपील: आलू की करें चरणबद्ध निकासी, अधिक भंडारण से घट सकते हैं दाम

जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चन्द्र ने बताया है कि जनपद में वर्ष 2025-26 के दौरान लगभग 14,500 हेक्टेयर क्षेत्रफल में

Aug 5, 2026 - 18:30
46 Views
Hardoi: जिला उद्यान अधिकारी की किसानों से अपील: आलू की करें चरणबद्ध निकासी, अधिक भंडारण से घट सकते हैं दाम
जिला उद्यान अधिकारी की किसानों से अपील: आलू की करें चरणबद्ध निकासी, अधिक भंडारण से घट सकते हैं दाम

Hardoi: जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चन्द्र ने बताया है कि जनपद में वर्ष 2025-26 के दौरान लगभग 14,500 हेक्टेयर क्षेत्रफल में आलू का उत्पादन किया गया, जिसका सफलतापूर्वक भण्डारण मार्च 2026 तक जनपद के 36 निजी शीतगृहों में कराया गया। इन शीतगृहों में कुल 3,44,799 मीट्रिक टन आलू भण्डारित है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि वर्षाकाल में सामान्यतः आलू की मांग बढ़ जाती है, किन्तु इस वर्ष बाजार भाव में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने के कारण किसान आलू की निकासी धीमी गति से कर रहे हैं। 

वर्तमान में शीतगृहों से लगभग 12 प्रतिशत आलू की ही निकासी हुई है, जबकि भण्डारण अवधि समाप्त होने में लगभग पाँच माह का समय शेष है। किसानों से अपील की गई है कि वे आलू की निकासी चरणबद्ध एवं संतुलित तरीके से करें। केवल इस उम्मीद में कि सितम्बर अथवा अक्टूबर के अंत तक आलू के दाम अवश्य बढ़ेंगे, आलू को लंबे समय तक शीतगृहों में न रखें। इस वर्ष जिले में आलू का उत्पादन सामान्य से अधिक हुआ है तथा बाजार में निकासी की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। यदि समय रहते संतुलित निकासी नहीं की गई तो अंतिम चरण में बाजार में अधिक आपूर्ति होने से आलू के दामों में और गिरावट आ सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को सलाह दी है कि वे बाजार की मांग एवं आपूर्ति के अनुसार नियमित रूप से शीतगृहों से आलू की निकासी करते रहें। संतुलित निकासी से बाजार में स्थिरता बनी रहेगी तथा किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होने की संभावना बढ़ेगी। सभी कृषक बन्धुओं से अनुरोध है कि भविष्य में किसी भी विषम परिस्थिति एवं संभावित आर्थिक नुकसान से बचाव हेतु शीतगृहों से लगातार एवं योजनाबद्ध ढंग से आलू की निकासी करते रहें।

Also Read- संडीला नगर पालिका में जनसुनवाई- चेयरमैन मो. रईस अंसारी ने सुनीं समस्याएं, जलभराव व सफाई पर सख्त निर्देश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow