Hardoi: सीडीओ ने की उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा, किसानों को अधिक लाभ दिलाने के दिए निर्देश
जनपद में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उद्यान विभाग के अधीन संचालित विभिन्न औद्यानिक विकास योजनाओं की
हरदोई। जनपद में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उद्यान विभाग के अधीन संचालित विभिन्न औद्यानिक विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक सोमवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें जनपद मिशन कमेटी (डीएमसी) एवं जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री औद्यानिक विकास योजना, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कृषकों हेतु औद्यानिक विकास योजना, आम फलपट्टी योजना, हर्बल गार्डेन योजना, पर ड्रॉप मोर क्रॉप (माइक्रो इरीगेशन), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) तथा पोस्ट हार्वेस्ट कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला उद्यान अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति पर प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से जानकारी दी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित प्रगतिशील किसानों से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने।
बैठक में संडीला के जनिगांव की प्रगतिशील कृषक सोनाली सब्बरवाल ने अपनी मशरूम उत्पादन इकाई में तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया, जबकि भरावन के पहाड़पुर निवासी ओमप्रकाश मौर्य ने अपने द्वारा उत्पादित शहद की जानकारी दी। इसके अलावा केला उत्पादक वेदप्रकाश मौर्य, अखिलेश मिश्रा, आम उत्पादक एवं निर्यातक सतीश कुमार सिंह, शारिब हुसैन खां, ड्रैगन फ्रूट उत्पादक विद्याधर गुप्ता, अशोक कुमार शुक्ला, मशरूम उत्पादक अजीत प्रताप सिंह तथा प्रमुख शाकभाजी उत्पादक जैनेन्द्र सिंह सहित अनेक किसानों ने बैठक में भाग लिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि पोस्ट हार्वेस्ट कार्यक्रम के अंतर्गत अधिक से अधिक मशरूम उत्पादन इकाइयों के प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय को स्वीकृति हेतु भेजे जाएं, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिक लाभ मिल सके। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उद्यान विभाग की सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं संचालन के लिए सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया।
बैठक में परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, प्रतिनिधि प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एवं वन्यजीव प्रभाग मयंक अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, मंडी समिति सचिव मलखान सिंह, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अरविंद रंजन, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. ए.के. तिवारी, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







