Hardoi: सीडीओ सान्या छाबड़ा को भावभीनी विदाई, अधिकारियों ने सराहा कार्यकाल।

कलेक्ट्रेट स्थित विवेकानंद सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सान्या छाबड़ा के स्थानांतरण

May 4, 2026 - 21:28
59 Views
Hardoi: सीडीओ सान्या छाबड़ा को भावभीनी विदाई, अधिकारियों ने सराहा कार्यकाल।

हरदोई। कलेक्ट्रेट स्थित विवेकानंद सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सान्या छाबड़ा के स्थानांतरण पर एक आत्मीय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए भावपूर्ण शब्दों में विदाई दी।

सान्या छाबड़ा ने 2 जुलाई 2025 को जनपद हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। लगभग 10 माह के अपने कार्यकाल में उन्होंने विकास कार्यों को नई दिशा देने के साथ ही कई नवाचार भी लागू किए। उनके नेतृत्व में मनरेगा के अंतर्गत कुओं का जीर्णोद्धार, ग्राम पंचायतों के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों का कायाकल्प, आयुष्मान कार्ड निर्माण का विशेष अभियान तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया गया। इन पहलों का सीधा लाभ विशेष रूप से कमजोर वर्गों को मिला। सरकार द्वारा उन्हें अब अपर आयुक्त, राज्य कर, कानपुर प्रथम के पद पर तैनात किया गया है। 

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने सान्या छाबड़ा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्णयों में पारदर्शिता, कार्यों में तेजी और हर परिस्थिति में सकारात्मक दृष्टिकोण स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके कार्यकाल को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के दौरान सान्या छाबड़ा को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में राजस्व एवं विकास विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Also Read- हरदोई में भाजपा की जीत का जश्न, मुकुल सिंह आशा बोले—पश्चिम बंगाल में जनता ने बदला सत्ता का समीकरण।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow